ससुराल में युवक ने फांसी लगाकर दी जान, पुलिस जांच में जुटी

फांसी लगाकर सहरसा जिला के युवक ने की आत्महत्या 


कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- सिंहेश्वर प्रखंड के बैहरी पंचायत अंतर्गत घुनसाहा वार्ड नंबर 15 में एक युवक की फांसी लगाने से मौत हो गई। मृतक की पहचान सहरसा जिले के सौर बाजार थाना क्षेत्र के कांप दोहा भरना वार्ड नंबर 5 निवासी सिंटु शर्मा के पुत्र सूरज कुमार के रूप में हुई है।

बताया गया कि सूरज कुमार की शादी करीब चार माह पूर्व घुनसाहा निवासी चंदेश्वरी शर्मा उर्फ बौकु शर्मा की पुत्री से हुई थी। शादी के बाद वह अपने ससुराल में रह रहा था। परिजनों के अनुसार, अनंत पूजा के अवसर पर वह अपने गांव से ससुराल आया था।

मृतक की मौसी निर्मला देवी ने बताया कि गुरुवार की रात सूरज ने कथित तौर पर घर को अंदर से बंद कर दुपट्टे के सहारे पंखे से लटककर जान दे दी। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन ससुराल पहुंचे। वहां घर अंदर से बंद मिला और सूरज को पंखे से लटका पाया गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर शव को नीचे उतारा।

मौसी ने आरोप लगाया कि पुलिस के पहुंचने से पहले ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर चले गए थे। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी किसी पर आरोप की पुष्टि नहीं की गई है।

सूचना पर सिंहेश्वर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Post a Comment

और नया पुराने