जजहट सबैला में डीडीसी ने ग्रामीणों के साथ विकास योजनाओं की प्राथमिकता पर की चर्चा, नशामुक्ति की दिलाई शपथ

 विशेष ग्राम सभा में तय होगी पंचायतों के पांच वर्षों की विकास की रूपरेखा


कोशी तक/सिंहेश्वर, मधेपुरा:- महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर सरकार के निर्देश के आलोक में शुक्रवार को जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभा का मुख्य उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से पंचायतों के आगामी पांच वर्षों की विकास रूपरेखा तैयार करना तथा ग्रामीणों की जरूरतों के अनुरूप विकास योजनाओं की प्राथमिकता निर्धारित करना रहा।

इसी क्रम में सिंहेश्वर प्रखंड की जजहट सबैला ग्राम पंचायत में मुखिया चांदनी खातून की अध्यक्षता में विशेष ग्राम सभा आयोजित की गई। 

ग्राम सभा को संबोधित करते हुए डीडीसी अरुण कुमार ने कहा कि विकसित भारत ग्राम पंचायत प्लान के तहत वर्ष 2027-28 की योजनाओं का चयन ग्रामीणों की जरूरत और स्थानीय संसाधनों को ध्यान में रखते हुए किया जाना है। उन्होंने जल संरक्षण, आधारभूत संरचना, आजीविका, जलवायु परिवर्तन एवं आपदा न्यूनीकरण जैसे विषयों को प्राथमिकता देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने ग्रामीणों को जल संरक्षण के लिए अपने स्तर पर सोख्ता एवं अन्य संरचनाओं का निर्माण कराने के लिए भी प्रेरित किया।

कार्यक्रम पदाधिकारी सुधांशु शेखर ने मनरेगा एवं विकसित भारत ग्राम पंचायत योजना के तहत मिलने वाले अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मनरेगा में मजदूरों के लिए 100 दिनों के स्थान पर विकसित भारत के तहत 125 दिनों तक रोजगार उपलब्ध कराने तथा करीब 375 प्रकार के अनुमेय कार्यों को कराया जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पंचायत के स्थानीय संसाधनों और जरूरतों के अनुसार ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए योजनाओं पर चर्चा कर उनकी प्राथमिकता निर्धारित की जाएगी।

कल्याणकारी योजनाओं की दी गई जानकारी

विशेष ग्राम सभा के दौरान रिफॉर्म उत्सव के तहत विभिन्न विभागों की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया। साथ ही उनकी आवश्यकताओं, सुझावों एवं आकांक्षाओं को दर्ज करते हुए आगामी पांच वर्षों के लिए योजनाओं के चयन एवं प्राथमिकता निर्धारण पर चर्चा की गई।

ग्राम सभा में पंचायत की स्थानीय समस्याओं को भी चिन्हित किया गया और उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई हेतु संबंधित पदाधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया गया।

नशामुक्ति की दिलाई शपथ, किया पौधारोपण

कार्यक्रम के दौरान नशामुक्ति अभियान के तहत उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। वहीं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत सांकेतिक पौधारोपण किया गया। ग्रामीणों से अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की गई।

विशेष ग्राम सभा के माध्यम से ग्रामीणों को यह संदेश दिया गया कि जनभागीदारी के बिना पंचायत का समग्र विकास संभव नहीं है। पंचायत की विकास योजनाओं को प्रखंड, जिला, राज्य एवं देश के समग्र विकास से जोड़ते हुए ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम में डीपीओ रमेश कुमार, बीडीओ ज्योति गामी, उपमुख्य पार्षद परवेज आलम, जेई मुकेश कुमार, सहित प्रखंड एवं पंचायत स्तर के पदाधिकारी, कर्मी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Post a Comment

और नया पुराने