पति व ससुराल वालों पर विवाहिता की हत्या का आरोप, जलकुंभी के बीच बोरे में मिला शव

जल कुंभी में बोरी बंद शव को निकालते पुलिस विभागमृतका का फाइल फोटो पेट समेत शरीर के कई हिस्सों पर चाकू के वार के निशान, 


कोशी तक/कुमारखंड मधेपुरा:- श्रीनगर थाना क्षेत्र के पुरैनी पंचायत स्थित सरहद गति वार्ड नंबर-4 में विवाहिता की हत्या कर शव गायब करने का मामला सामने आया है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद राजकीय अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या प्लस-2 आवासीय विद्यालय से करीब 100 मीटर पश्चिम नहर में जलकुंभी के बीच बोरे में बंद महिला का शव बरामद किया। मृतका की पहचान पूनम देवी के रूप में हुई है। शव पर पेट समेत शरीर के कई हिस्सों में चाकू के वार के निशान पाए गए हैं।

घटना को लेकर मृतका की मां अंडीपट्टी वार्ड नंबर 10 निवासी सुरती देवी ने शनिवार को श्रीनगर थाना में आवेदन देकर अपने दामाद अनिल राम सहित उसके परिजनों पर बेटी की हत्या कर शव ठिकाने लगाने का आरोप लगाया है। आवेदन के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतका की मां के अनुसार, पूनम देवी की शादी करीब 16 वर्ष पूर्व सरहद गति वार्ड नंबर-4 निवासी अनिल राम से हुई थी। दोनों के तीन बच्चे हैं। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति द्वारा पूनम के साथ मारपीट की जाती थी। मां ने आरोप लगाया कि देर रात अनिल राम, घुटर राम, नीतू देवी, नित्यानंद राम समेत अन्य परिजनों ने मिलकर पूनम के साथ मारपीट की और उसकी हत्या करने के बाद शव को बोरे में बंद कर नहर में फेंक दिया। घटना के बाद आरोपी घर से फरार बताए जा रहे हैं।

सूचना मिलने पर श्रीनगर थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार, कुमारखंड थानाध्यक्ष रंजन कुमार, एसआई विकास कुमार पासवान समेत दोनों थानों की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के इलाके में खोजबीन शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक जांच टीम को भी बुलाया गया।

करीब छह घंटे तक चले तलाशी अभियान के बाद विद्यालय से लगभग 100 मीटर दूर नहर के पश्चिमी हिस्से में जलकुंभी के बीच बोरे में बंद शव बरामद किया गया। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मायके वालों से शव की पहचान कराने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मधेपुरा भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए।

श्रीनगर थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार ने बताया कि मृतका की मां के आवेदन पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की है। शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

Post a Comment

और नया पुराने