मुरलीगंज में 2900 बोतल कोडिनयुक्त कफ सिरप बरामद। दो अलग-अलग जगहों पर पुलिस की कार्रवाई, एक गिरफ्तार, अन्य आरोपित फरार

 

मुरलीगंज में 2900 बोतल कोडिनयुक्त कफ सिरप बरामद 


कोशी तक/मुरलीगंज मधेपुरा:- मुरलीगंज पुलिस ने शनिवार को कोडिनयुक्त कफ सिरप के खिलाफ दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए कुल 2900 बोतल कफ सिरप बरामद की। पुलिस ने एक मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया, जबकि दूसरी कार्रवाई के दौरान पुलिस को देखते ही आरोपित फरार हो गए। थानाध्यक्ष अकमल हुसैन के नेतृत्व में हुई कार्रवाई से कफ सिरप के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया।

पहली कार्रवाई नगर पंचायत के गोसाई टोला वार्ड नंबर-6 में शनिवार अहले सुबह गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस ने ब्रेजा कार संख्या बीआर-11बीएन-5112 की तलाशी ली, जिसमें 100 एमएल की 300 बोतल कोडिनयुक्त कफ सिरप बरामद हुई। मौके से उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र के करौती वार्ड नंबर-13 निवासी सोनू कुमार को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से दो एंड्रॉयड मोबाइल भी बरामद हुए। इस मामले में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

वहीं दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने पड़वा वार्ड नंबर-6 स्थित शिवनंदन भगत के पटुआ रखने वाले गोदाम में छापेमारी की। यहां आठ बोरा और एक कार्टन से 100 एमएल की 1620 बोतल कोडिनयुक्त कफ सिरप बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने पड़वा वार्ड नंबर-1 में अमरजीत कुमार के घर के पीछे स्थित झाड़ी में छापेमारी की, जहां सात कार्टन से 980 बोतल कफ सिरप बरामद की गई। हालांकि इस दौरान कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपित मौके से फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार दोनों कार्रवाई में बरामद कफ सिरप की कुल संख्या 2900 बोतल है। दूसरी कार्रवाई को लेकर भी मुरलीगंज थाना में मामला दर्ज किया गया है। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।

थानाध्यक्ष अकमल हुसैन ने बताया कि बड़ी मात्रा में कोडिनयुक्त कफ सिरप बरामद की गई है। एक आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

मुरलीगंज से अंशु भगत 

Post a Comment

और नया पुराने