शिवगंगा महा आरती का 100 वां सप्ताह संपन्न
कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- बाबा सिंहेश्वरनाथ की पावन नगरी रविवार को उस समय पूरी तरह शिवमय हो उठी, जब शिव आराधना सह शिवगंगा महाआरती के 100 सप्ताह पूरे होने के उपलक्ष्य में शिवगंगा तट पर भव्य आध्यात्मिक उत्सव मनाया गया। श्रृंगी ऋषि सेवा फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस विशेष आयोजन में श्रद्धा, भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। शंखनाद, घंटियों की मधुर ध्वनि और श्रद्धालुओं के सामूहिक “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा शिवगंगा तट गुंजायमान हो उठा।
शिव आराधना सह महाआरती की शुरुआत 4 नवंबर 2024 को श्रृंगी ऋषि सेवा फाउंडेशन के छठे स्थापना दिवस के अवसर पर तापस पंडा समाज, सिंहेश्वर के संयुक्त सहयोग और श्रद्धालुओं की सहभागिता से हुई थी। देखते ही देखते यह आयोजन प्रत्येक सप्ताह श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बन गया। नियमित महाआरती के माध्यम से सिंहेश्वर धाम में ‘कोशी में काशी’ के भव्य और दिव्य स्वरूप को साकार करने का प्रयास किया जा रहा है।
100वें सप्ताह के अवसर पर शिवगंगा तट और मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी, आकर्षक गुब्बारों और सुंदर रंगोली से सजाया गया। वातावरण में भक्ति की ऐसी छटा बिखरी कि श्रद्धालु देर तक आध्यात्मिक आनंद में डूबे रहे। विशेष पूजा-अर्चना के साथ महाआरती की गई और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। मुख्य यजमान राहुल कुमार ने विधिवत पूजा-अर्चना कर बाबा सिंहेश्वरनाथ और मां गंगा स्वरूपा शिवगंगा की आराधना की।
महाआरती के दौरान दीपों की जगमगाहट और मंत्रोच्चार से शिवगंगा तट का दृश्य अत्यंत मनोहारी नजर आया। श्रद्धालुओं ने हाथों में दीप लेकर बाबा भोलेनाथ से क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। आयोजन में मौजूद श्रद्धालुओं का कहना था कि प्रत्येक सप्ताह होने वाली यह आराधना सिंहेश्वर की धार्मिक पहचान को और मजबूत कर रही है तथा नई पीढ़ी को अपनी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ने का कार्य कर रही है।
मौके पर बीजेपी अतिपिछड़ा आयोग के सदस्य स्वदेश यादव, मंदिर न्यास समिति सदस्य विजय कुमार सिंह, अमरनाथ ठाकुर उर्फ लाल बाबा, सरोज सिंह, डॉ. असीम प्रकाश, राजेश कुमार राजू, फाउंडेशन के मुख्य प्रबंधक सागर यादव, कोषाध्यक्ष मनीष आनंद, अनुज सिंह, प्रिंस यादव, शोनू भगत, नील गुप्ता, विष्णु गुप्ता, अभिषेक, कन्हैया, मनीष कुमार, नवीन, बादल, नीरज कुमार, रणविजय यादव, नीतीश कुमार, सुशील कुमार, आनंद कुमार, रूपेश, ललित भगत, मुकेश कुमार, गौरव झा, विकास कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
एक टिप्पणी भेजें