एमडीएम चावल मामले में एफआईआर, जांच में स्कूल की कई अनियमितताएं उजागर

एमडीएम चावल मामले में प्राथमिक की दर्ज



कोशी तक/मुरलीगंज मधेपुरा:-मुरलीगंज प्रखंड के एक सरकारी विद्यालय से मध्याह्न भोजन (एमडीएम) का चावल ऑटो से ले जाने के मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों द्वारा ऑटो को पकड़कर पुलिस के हवाले किए जाने के बाद शिक्षा विभाग की टीम ने भी विद्यालय पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान स्कूल में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं।

मामला गंगापुर पंचायत के उत्क्रमित कन्या मध्य विद्यालय, खुसरूपुरपट्टी का है। ग्रामीणों के अनुसार, शनिवार दोपहर विद्यालय से एमडीएम का चावल ऑटो के जरिए बाहर ले जाया जा रहा था। इसकी सूचना मिलने पर ग्रामीणों ने ऑटो को रोक लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ऑटो को जब्त कर लिया।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रधानाध्यापिका के पति रविंद्र कुमार उर्फ खोखा यादव और उनके पुत्र प्रिंस कुमार की मौजूदगी में चावल ले जाया जा रहा था। हालांकि, आरोपित पक्ष ने इन आरोपों को राजनीतिक साजिश बताते हुए खारिज किया है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रभारी बीईओ एवं एमडीएम प्रभारी विद्यालय पहुंचे और मामले की जांच की। इस दौरान प्रधानाध्यापिका विद्यालय में मौजूद नहीं मिलीं। इसके बाद प्रभारी बीईओ के आवेदन पर मुरलीगंज थाना में प्रधानाध्यापिका माला देवी, उनके पति रविंद्र कुमार उर्फ खोखा यादव, पुत्र प्रिंस कुमार और ऑटो चालक कुंदन कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई।

जांच में सामने आईं कई अनियमितताएं

जांच के दौरान विद्यालय के अभिलेखों और व्यवस्थाओं में भी कई खामियां सामने आईं। विद्यालय में 262 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं, लेकिन निरीक्षण के समय मात्र 58 बच्चे उपस्थित मिले। वहीं, उपस्थिति पंजी में 150 से अधिक बच्चों की उपस्थिति दर्ज पाई गई।

इसके अलावा जांच में वर्ष 2015 से एमडीएम का चखना पंजी नहीं बनाए जाने, विद्यालय के शौचालयों की बदहाल स्थिति तथा अन्य अभिलेखों में भी गड़बड़ियां सामने आने की बात कही गई है।

फिलहाल पुलिस और शिक्षा विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई की जाएगी। अब जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि एमडीएम चावल को विद्यालय से बाहर ले जाने के पीछे वास्तविक वजह क्या थी और विद्यालय में सामने आई अन्य अनियमितताओं के लिए कौन जिम्मेदार है।

मुरलीगंज से अंशु भगत 

Post a Comment

और नया पुराने