कोशी तक/मुरलीगंज मधेपुरा:- मुरलीगंज सहित आसपास के हजारों रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत और खुशखबरी है। लंबे समय से की जा रही मांग अब पूरी हो गई है। 03215-03216 पूर्णिया कोर्ट–पाटलिपुत्र एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन का परिचालन शुरू होने से मुरलीगंज और आसपास के लोगों में उत्साह का माहौल है।
ट्रेन के मुरलीगंज रेलवे स्टेशन पहुंचते ही मुरलीगंज चेंबर ऑफ कॉमर्स के सदस्यों ने लोको पायलट और गार्ड का फूल-माला पहनाकर भव्य स्वागत किया। इस दौरान मिठाइयां भी बांटी गईं और नई रेल सेवा की शुरुआत पर खुशी जताई गई।
चेंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों ने कहा कि इस ट्रेन के परिचालन से मुरलीगंज, बिहारीगंज और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को पटना आने-जाने में काफी सुविधा मिलेगी। व्यापार, शिक्षा और इलाज के लिए राजधानी जाने वाले लोगों को भी इस रेल सेवा का सीधा लाभ मिलेगा।
इस मौके पर चेंबर के सदस्यों ने डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा, स्थानीय सांसद दिनेश चंद्र यादव, पप्पू यादव सहित इस पहल को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी सांसदों के प्रति आभार व्यक्त किया। सदस्यों ने कहा कि यह रेल सेवा क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है और भविष्य में भी क्षेत्र की अन्य रेल संबंधी मांगों को पूरा किए जाने की उम्मीद है।
नई ट्रेन सेवा शुरू होने से यात्रियों के साथ-साथ स्थानीय व्यवसायियों में भी उत्साह है। लोगों का मानना है कि पूर्णिया कोर्ट–पाटलिपुत्र एक्सप्रेस मुरलीगंज और आसपास के क्षेत्र के सामाजिक, शैक्षणिक एवं व्यावसायिक विकास को नई गति देगी।
इस दौरान चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष शिव शंकर भगत, सचिव बिनोद बाफना, डॉ. सुबोध कुमार, राजीव जायसवाल, कन्हैया जायसवाल, राजेंद्र भगत सहित अन्य सदस्य और व्यवसायी मौजूद रहे।
मुरलीगंज से अंशु भगत

एक टिप्पणी भेजें