अंतिम सोमवार को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड़ में
कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- श्रावण की अंतिम सोमवारी को बाबा सिंहेश्वरनाथ मंदिर में उमड़ने वाली संभावित भीड़ को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम जलाभिषेक को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों ने मंदिर परिसर और आसपास की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान लखीसराय और उज्जैन में हुई घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा एवं भीड़ नियंत्रण व्यवस्था को और मजबूत करने पर जोर दिया गया।
अधिकारियों ने तीसरी सोमवारी की व्यवस्था की समीक्षा करते हुए शिवगंगा के समीप प्रतिमा सिंह के बगल से पुरुष श्रद्धालुओं के लिए बनाए गए चार कतारों को और व्यवस्थित करने का निर्देश दिया। मंदिर परिसर में जीआई पाइप से बनाए गए चार कतारों की भी जांच की गई। अंतिम सोमवारी को संभावित अधिक भीड़ को देखते हुए महिला श्रद्धालुओं के मुख्य बैरिकेडिंग में दो अतिरिक्त कतार बढ़ाने का निर्देश दिया गया।
कतारों में भीड़ को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने के लिए स्टैंड टावर बनाने का भी निर्देश दिया गया। टावर पर स्वयंसेवी संस्थाओं के कार्यकर्ताओं को तैनात किया जाएगा, ताकि ऊपर से कतारों की निगरानी करते हुए श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। अधिकारियों ने स्वयंसेवकों की संख्या बढ़ाने का भी निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान शिवगंगा के पास क्षतिग्रस्त बैरिकेडिंग को तत्काल दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अंतिम सोमवारी पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, बैरिकेडिंग, कतार व्यवस्था और स्वयंसेवकों की तैनाती में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
मौके पर एसपी संदीप कुमार, एडीएम अरुण कुमार, एसडीओ संतोष कुमार, एएसपी प्रवेंद्र भारती, सीओ नवीन कुमार सिंह, थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं मंदिर न्यास समिति के प्रबंधक भवेश कुमार मौजूद थे।
एक टिप्पणी भेजें