मधेपुरा पुलिस के खिलाफ सोशल मीडिया पर भ्रामक वीडियो वायरल करने के आरोप में महिला सिपाही गिरफ्तार

मधेपुरा पुलिस के खिलाफ भ्रामक वीडियो वायरल में महिला सिपाही गिरफ्तार 


कोशी तक/मधेपुरा:-  मधेपुरा पुलिस एवं वरीय पुलिस पदाधिकारियों के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित रूप से झूठे, तथ्यहीन एवं भ्रामक आरोप लगाकर वीडियो वायरल करने के मामले में पुलिस ने महिला सिपाही रिंकू कुमारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार रिंकू कुमारी किशनगंज जिला बल में महिला सिपाही के पद पर कार्यरत हैं और वर्तमान में निगरानी विभाग, पटना में प्रतिनियुक्त थीं। पुलिस ने उन्हें पटना जिले के बेऊर थाना क्षेत्र स्थित देवी स्थान से 18 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

पुलिस के अनुसार 2 अगस्त की शाम मठाही पुलिस शिविर में तैनात डायल-112 को सूचना मिली थी कि मठाही वार्ड नंबर एक में एक महिला को किसी ने दवा खिला दी है, जिससे वह बेहोश हो गई है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला की पहचान रिंकू कुमारी के रूप में हुई। उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल मधेपुरा भेजा गया।

पुलिस के मुताबिक रिंकू कुमारी और उनके पति रूपेश कुमार रूपा के बीच वर्ष 2019 से विवाद चल रहा है। इस विवाद को लेकर दोनों पक्षों की ओर से कई मामले दर्ज कराए गए हैं। पुलिस ने बताया कि 3 अगस्त को रिंकू कुमारी अपने ससुराल मठाही पहुंचीं, जहां विवाद के बाद सड़क जाम जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना पर मठाही शिविर प्रभारी पुअनि शिवानी कुमारी मौके पर पहुंचीं और स्थिति को नियंत्रित करते हुए रिंकू कुमारी, उनके पति रूपेश कुमार रूपा एवं प्रीति कुमारी को पुलिस शिविर लाया गया।

पुलिस का आरोप है कि इसी दौरान रिंकू कुमारी ने मोबाइल से वीडियो बनाते हुए पुलिस पदाधिकारी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की। बाद में घटना को लेकर उनके आवेदन के आधार पर मधेपुरा थाना में कांड संख्या 799/26 दर्ज किया गया।

इसी बीच 3 अगस्त की शाम रिंकू कुमारी और उनके पति के बीच फिर विवाद हुआ। पुलिस के अनुसार सूचना मिलने पर शिवानी कुमारी उनके घर पहुंचीं और रिंकू कुमारी को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। इस मामले में उनके पति के आवेदन पर मधेपुरा थाना कांड संख्या 808/26 दर्ज किया गया।

पुलिस के अनुसार इसके बाद रिंकू कुमारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर अपने आईडी से मधेपुरा पुलिस, वरीय पदाधिकारियों, सदर एसडीपीओ और सदर एसएचओ के खिलाफ कई वीडियो पोस्ट किए। पुलिस ने आरोप लगाया कि इन वीडियो के माध्यम से पुलिस की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया। मामले में 17 अगस्त को मधेपुरा साइबर थाना कांड संख्या 37/26 दर्ज किया गया, जिसमें बीएनएस की संबंधित धाराओं एवं आईटी एक्ट की धारा 66(सी) के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार मधेपुरा थाना कांड संख्या 808/26 के अनुसंधान के क्रम में रिंकू कुमारी को 18 अगस्त को बेऊर थाना क्षेत्र के देवी स्थान से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने और प्रसारित करने के लिए उन्हें कथित रूप से प्रेरित करने वाले अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गिरफ्तारी टीम में मठाही पुलिस शिविर प्रभारी पुअनि शिवानी कुमारी, पुअनि बब्ली कुमारी, पुअनि अमृता, पुअनि कन्हैया कुमार, प्रपुअनि

अंशु कुमारी तथा मधेपुरा पुलिस की तकनीकी शाखा की टीम शामिल थी।

पुलिस के अनुसार दर्ज मामले: रिंकू कुमारी के विरुद्ध मधेपुरा थाना कांड संख्या 862/25, मधेपुरा थाना कांड संख्या 808/26 और साइबर थाना कांड संख्या 37/26 दर्ज हैं।

Post a Comment

और नया पुराने