अंकुश हत्याकांड में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, भेजा जेल

 

मृतक का फाइल फोटो 


कोशी तक /सिंहेश्वर मधेपुरा:- सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के करूआ घाट नदी से 25 अगस्त को बरामद 19 वर्षीय अंकुश कुमार के शव के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हत्या के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गौरीपुर पंडा टोला वार्ड नंबर 4 निवासी स्व. मुकेश राय के पुत्र शिवम कुमार उर्फ बाबुल कुमार के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की तैयारी में जुटी है।

मृतक के पिता प्रमोद मंडल द्वारा सिंहेश्वर थाना में दिए गए आवेदन के अनुसार, 23 अगस्त की शाम करीब सात बजे बाबुल कुमार अंकुश कुमार को अपने घर ले गया था। वहां उसकी मां चंदा देवी ने उसे चाय पिलाई। इसके बाद से अंकुश का कोई पता नहीं चला। परिजनों के अनुसार, अंकुश के पास सैमसंग गैलेक्सी ए 13 मोबाइल था, जो उसी रात करीब आठ बजे के बाद बंद हो गया। उसके गले में चांदी की चेन भी थी, जो शव बरामद होने के समय नहीं मिली।

25 अगस्त को ग्रामीणों से करूआ घाट नदी में अज्ञात शव मिलने की सूचना पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। शव की पहचान अंकुश कुमार के रूप में की गई। परिजनों ने शव के सिर, गर्दन सहित शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान होने का आरोप लगाया है। आवेदन में बाबुल कुमार समेत पांच-छह अज्ञात लोगों पर अंकुश की हत्या कर शव नदी में फेंकने और साक्ष्य मिटाने का प्रयास करने का आरोप लगाया गया है।

इस मामले में सिंहेश्वर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि हत्या के मुख्य आरोपी शिवम कुमार उर्फ बाबुल कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की संलिप्तता और घटना के कारणों की भी जांच कर रही है।

Post a Comment

أحدث أقدم