ट्रेन से कटकर अज्ञात व्यक्ति की मौत, रेलवे ट्रैक किनारे मिला क्षत-विक्षत शव

मुरलीगंज में ट्रेन से कटकर एक व्यक्ति की मौत


कोशी तक/मुरलीगंज मधेपुरा:- मुरलीगंज में शुक्रवार की सुबह रेलवे ट्रैक के किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मुरलीगंज रेलवे स्टेशन से पश्चिम स्थित रेलवे ढाला संख्या-69 से करीब 500 मीटर दूर मिला।

जानकारी के अनुसार, शव रेलवे पिलर संख्या 57/5 तथा विद्युत एक्सटेंशन लाइन के पोल संख्या 57/10 के समीप पड़ा था। स्थानीय लोगों की नजर शव पर पड़ने के बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही जीआरपी बनमनखी के राजीव कुमार सिंह, मुरलीगंज थाना के एसआई अभिषेक कुमार तथा आरपीएफ मधेपुरा प्रभारी नवीन कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। शव बुरी तरह क्षत-विक्षत होने के कारण फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।

आरपीएफ प्रभारी नवीन कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया आशंका है कि शुक्रवार की अहले सुबह करीब ढाई बजे पटना की ओर जाने वाली कोसी एक्सप्रेस की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत हुई होगी। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान कराने में जुटी है। आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस द्वारा शव की पहचान होने के बाद घटना से संबंधित आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मुरलीगंज से अंशु भगत 

Post a Comment

أحدث أقدم