सिंहेश्वरमें संत रविदास जी की जयंती पर भव्य रथ कलश यात्रा निकाली
कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर बुधवार को सिंहेश्वर प्रखंड में भव्य कलश रथ यात्रा निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ प्रखंड कार्यालय परिसर से हुआ। प्रखंड विकास पदाधिकारी ज्योति गामी एवं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी चंदन कुमार ने हरी झंडी दिखाकर कलश रथ यात्रा को रवाना किया।
कलश रथ यात्रा प्रखंड कार्यालय से निकलकर महावीर चौक, धन्यवाद गेट होते हुए गौरीपुर महादलित टोला पहुंची, जहां विधिवत रूप से यात्रा का समापन किया गया। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने संत शिरोमणि रविदास जी के जयकारे लगाए और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर भाजपा के सिंहेश्वर मंडल अध्यक्ष संतोष मल्लिक, सुभाष चौहान, पम्पोल यादव, मनोज राम, संजय ऋषिदेव, जीविका के सीएम सोनी सिंह सहित प्रखंड के विकास मित्र एवं जीविका दीदियों और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। यात्रा में शामिल लोगों ने संत रविदास जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान संत रविदास जी के प्रसिद्ध संदेश “मन चंगा तो कठौती में गंगा” को आत्मसात करते हुए समाज में समानता, समरसता और भाईचारे को मजबूत करने का आह्वान किया गया। श्रद्धालुओं ने कहा कि संत रविदास जी के विचार आज भी समाज को एकता और सद्भाव की राह दिखाते हैं।
कलश रथ यात्रा के दौरान पूरे क्षेत्र में भक्तिमय और उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा।
إرسال تعليق