ट्रक की ठोकर से 12 वर्षिय बालक की मौत
कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- ननिहाल से दोस्त के साथ साइकिल से घर लौट रहे 12 वर्षीय बालक की ट्रक की ठोकर से मौत हो गई। हादसे में उसका दोस्त भी घायल हो गया। घटना सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के सिरसिया के पास की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार शंकरपुर प्रखंड के गिद्धा वार्ड नंबर-2 निवासी पन्नेलाल सरदार का 12 वर्षीय पुत्र मनखुश कुमार अपने ननिहाल सुपौल जिले के अमहा पंचायत स्थित भट्टाबाड़ी से अपने दोस्त सुमन कुमार के साथ साइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान सिरसिया के समीप पीपरा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक ट्रक लॉरी ने पीछे से साइकिल में जोरदार ठोकर मार दी। ठोकर लगने से दोनों बालक सड़क से दूर जा गिरे। हादसे में सुमन कुमार को मामूली चोट लगी, जबकि मनखुश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय मुखिया जयकृष्ण शर्मा ने स्थानीय लोगों के सहयोग से घायल बालक को इलाज के लिए जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा। वहीं स्थानीय लोगों ने ट्रक लॉरी का पीछा कर उसे बुढ़ावे के पास पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मनखुश कुमार की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर सिंहेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस संबंध में सिंहेश्वर थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना में शामिल ट्रक लॉरी बीआर 30 जी 7050 को जब्त कर थाना लाया गया है। वही चालक और सह चालक को ट्रेफिक पुलिस के हवाले कर दिया गया हैं। वही मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

إرسال تعليق