डायन बताकर महिला पर जानलेवा हमला, मारपीट व लूट मामले में प्राथमिकी दर्ज

भवानीपुर में महिला को डायन बताकर जानलेवा हमला 


कोशी तक/सिंहेश्वर, मधेपुरा:- सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के भवानीपुर वार्ड नंबर 04 में एक महिला को डायन बताकर जानलेवा हमला करने, मारपीट, लूटपाट और धमकी देने के मामले में सिंहेश्वर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

भवानीपुर निवासी नीलम देवी (30), पति सिकंदर मुखिया ने दर्ज कराई प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि 27 जुलाई की रात करीब 7 से 8 बजे वह अपने घर के बाहर स्थित किराना दुकान पर बैठी थीं। इसी दौरान गांव के खगेश सिंह, बंधु सिंह, नूनू सिंह तथा तीन-चार अज्ञात लोग लोहे की रॉड लेकर पहुंचे और उनके पुत्र को जादू-टोना कर बीमार करने का आरोप लगाने लगे।

महिला के अनुसार विरोध करने पर आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे उनके सिर, कनपटी और होंठ पर गंभीर चोटें आईं तथा एक दांत भी क्षतिग्रस्त हो गया। आरोप है कि मारपीट के दौरान दुकान के गल्ले से 28 हजार 300 नकद और लगभग 35 हजार मूल्य की सोने की बाली भी छीन ली गई। साथ ही जान से मारने और गांव में अपमानित करने की धमकी भी दी गई।

पीड़िता ने बताया कि जान बचाने के लिए वह एक ग्रामीण के घर भागी, जहां भी उसके साथ मारपीट की गई। बाद में स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिंहेश्वर पहुंचाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, सिंहेश्वर मधेपुरा रेफर कर दिया गया।

इस संबंध में सिंहेश्वर थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया की मामले में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी

Post a Comment

और नया पुराने