कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के मंदिर रोड स्थित एक होटल में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़, लूटपाट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में गौरीपुर वार्ड नंबर 5 निवासी आशा देवी ने सिंहेश्वर थाना में आवेदन देकर सात लोगों को नामजद आरोपित बनाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दिए गए आवेदन में आशा देवी ने बताया है कि उनके पति जय किशोर साह मंदिर रोड स्थित राजा होटल का संचालन करते हैं। 15 जुलाई की शाम करीब 6:36 बजे होटल में ग्राहकों की भीड़ थी। इसी दौरान पास के एक होटल से जुड़े सात लोग कथित रूप से हथियार, लोहे की रॉड और लाठी-डंडे लेकर होटल में घुस आए।
आवेदन के अनुसार आरोप है कि एक आरोपी ने देशी कट्टा निकालकर जय किशोर साह की कनपटी पर सटा दिया, जबकि अन्य आरोपितों ने होटल में तोड़फोड़ कर करीब पांच हजार रुपये मूल्य के सामान और भोजन को नुकसान पहुंचाया। आरोप है कि मारपीट के दौरान अंकित कुमार के हाथ में लोहे की रॉड लगने से वह घायल हो गया। वहीं आयुष कुमार और राजा नंद गुप्ता के साथ भी मारपीट की गई।
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि होटल में 5 हजार का खाना और के कैश काउंटर में रखे रुपये निकाल लिए गए तथा जय किशोर साह के गले से लगभग डेढ़ भर सोने की चेन भी छीन ली गई। शोर-शराबा होने पर आसपास के लोगों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद सभी आरोपित वहां से चले गए। घायल व्यक्तियों का इलाज कराया गया और जख्म प्रतिवेदन भी आवेदन के साथ संलग्न किया गया है।
आशा देवी ने आवेदन में यह भी कहा है कि आरोपितों द्वारा पूर्व में भी कई बार विवाद किया जा चुका है। उन्होंने सभी आरोपितों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
इधर, सिंहेश्वर थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा जांच के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

إرسال تعليق