कोशी तक/मुरलीगंज मुरलीगंज:- शहर में लगातार बढ़ रही जाम की समस्या के समाधान को लेकर रविवार को मुरलीगंज प्रशासन और चैंबर ऑफ कॉमर्स ने संयुक्त रूप से जागरूकता अभियान चलाया। प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष नूरूल हक के नेतृत्व में बाजार क्षेत्र का भ्रमण कर दुकानदारों, वाहन चालकों एवं ऑटो चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सड़क पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील की गई।
अभियान के दौरान दुर्गा चौक, गोल बाजार, हाट बाजार सहित प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया गया। सड़क और नाला तक सामान फैलाकर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों से सामान हटाने को कहा गया। वहीं वाहन चालकों को निर्धारित स्थान पर ही वाहन पार्क करने तथा ऑटो चालकों को सड़क पर वाहन खड़ा कर यातायात बाधित नहीं करने की हिदायत दी गई।
प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष नूरूल हक ने कहा कि फिलहाल लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इसके बाद भी नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध चालान सहित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने व्यवसायियों से सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक बाजार क्षेत्र में बड़े वाहनों की लोडिंग-अनलोडिंग नहीं कराने तथा यह कार्य सुबह 4 बजे से 9 बजे के बीच करने की अपील की।
चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष शिव शंकर भगत ने कहा कि जाम की समस्या के समाधान के लिए प्रशासन के साथ मिलकर यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने व्यापारियों और आम लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से ही शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनाई जा सकती है।
अभियान में नगर पंचायत के कर्मियों के अलावा चैंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव विनोद बाफना, कोषाध्यक्ष सूरज जायसवाल, कुंदन सोनी, प्रेम कुमार मुन्ना, राजीव जायसवाल, मनोज भगत, कन्हैया जायसवाल सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद थे।
मुरलीगंज से अंशु भगत

إرسال تعليق