समर कैंप समीक्षा बैठक सह समापन समारोह में 128 स्वयंसेवकों को किया गया सम्मानित


128 स्वयं सेवकों को किया गया सम्मानित 


कोशी तक/उदाकिशुनगंज मधेपुरा:- प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी) उदाकिशुनगंज में समर कैंप समीक्षा बैठक सह समापन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समर कैंप में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 128 स्वयंसेवकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सागर कुमार चौधरी एवं प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष प्रदीप कुमार मंडल ने संयुक्त रूप से सभी स्वयंसेवकों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सागर कुमार चौधरी ने कहा कि उदाकिशुनगंज प्रखंड में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए शिक्षक, शिक्षा सेवक एवं प्रखंड तकनीकी टीम के सदस्यों के सहयोग से लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में अधिक से अधिक छात्राओं का नामांकन कराने में सभी से सक्रिय सहयोग की अपील की।

प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष प्रदीप कुमार मंडल ने कहा कि प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग (पीबीएल) एवं तकनीकी टीम के सदस्यों के अथक प्रयास से उदाकिशुनगंज प्रखंड शिक्षा के क्षेत्र में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है और विभिन्न कार्यों में प्रथम स्थान प्राप्त करने का रिकॉर्ड बना चुका है।

तकनीकी टीम के सदस्य शैलेश कुमार चौरसिया ने कहा कि सभी शिक्षक अपने-अपने विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए संकल्पित हैं तथा शिक्षा विभाग की हर पहल को सफल बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।

तकनीकी टीम की सदस्य वंदना कुमारी ने कहा कि महिला शिक्षकों एवं शिक्षा कर्मियों के समर्पित प्रयास से आज बालिकाएं शिक्षा के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रही हैं।

कुमार संजय प्रताप ने कहा कि उदाकिशुनगंज के शिक्षक, शिक्षिकाएं, शिक्षा सेवक एवं तालीमी मरकज के कार्यकर्ता शिक्षा के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं।

अनुमंडल पार्षद अमृता कुमारी ने कहा कि जिला शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार के नेतृत्व में जिले में शिक्षा की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। वहीं केआरपी कल्पना कुमारी ने कहा कि उदाकिशुनगंज प्रखंड ने शिक्षा के क्षेत्र में राज्य स्तर पर लगातार प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी अलग पहचान बनाई है।

कार्यक्रम में शैलेश कुमार चौरसिया, वंदना कुमारी, मंज़र आलम, सुनील चौरसिया, अनिकेत रंजन, प्रमोद चौधरी, चंदा कुमारी, संजय कुमार, हिरण कुमारी, मनोज कुमार, आनंद रजक, विजय कुमार पासवान, मिथिलेश कुमार, चंदेश्वरी ऋषिदेव सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षा कर्मी, स्वयंसेवक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Post a Comment

أحدث أقدم