कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- बिजली चोरी रोकने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत विद्युत विभाग की छापेमारी टीम ने सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के लालपुर सरोपट्टी पंचायत में कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को बिजली चोरी करते पकड़ा। मामले में भारतीय विद्युत अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत सिंहेश्वर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
विद्युत विभाग के कनीय अभियंता (जेई) अमित कुमार के आवेदन के अनुसार 9 जुलाई को गठित छापेमारी दल ने सबसे पहले विषहरिया टोला निवासी मनोज मंडल के घर जांच की। जांच में पाया गया कि वह प्रीपेड मीटर को बायपास कर 138 वाट बिजली की चोरी कर रहे थे। विभाग के अनुसार इससे 5,702 रुपये की राजस्व क्षति हुई। उनका प्रीपेड मीटर बकाया 5,752 रुपये तथा पूर्व का पोस्टपेड बकाया 39,157 रुपये पाया गया। मौके पर बिजली कनेक्शन काटकर चोरी में प्रयुक्त पीवीसी तार जब्त कर लिया गया।
इसके बाद टीम ने राजो मंडल के घर छापेमारी की। जांच में पता चला कि बकाया राशि के कारण 31 दिसंबर 2024 को उनका बिजली कनेक्शन काट दिया गया था। इसके बावजूद बिना बकाया जमा किए और पुनः कनेक्शन लिए विभाग के मीटर से अवैध रूप से 129 वाट बिजली का उपयोग किया जा रहा था। इस मामले में विभाग को 10 हजार रुपये की राजस्व क्षति हुई है। उन पर 8,413 रुपये का पूर्व बकाया भी है।
तीसरी कार्रवाई लालपुर सरोपट्टी वार्ड-4 निवासी विजेंद्र कुमार यादव के घर की गई। जांच में पाया गया कि प्रीपेड मीटर के मुख्य इनपुट सर्विस तार को काटकर अतिरिक्त तार जोड़कर 138 वाट बिजली की चोरी की जा रही थी। विभाग के अनुसार इससे 5,042 रुपये की राजस्व क्षति हुई। उनका प्रीपेड मीटर बकाया 2,371 रुपये तथा पोस्टपेड बकाया 12,788 रुपये पाया गया।
विद्युत विभाग ने तीनों मामलों में जब्ती सूची तैयार कर चोरी में प्रयुक्त तार जब्त कर लिए हैं। जेई अमित कुमार ने भारतीय विद्युत अधिनियम, 2003 की धारा 135, 138 एवं अन्य सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध किया है।
सिंहेश्वर थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

إرسال تعليق