51 मामलों की त्वरित सुनवाई का डीएम ने दिया निर्देश
कोशी तक/मधेपुरा:- जिला पदाधिकारी अभिषेक रंजन की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं, शिकायतों एवं मांगों से संबंधित कुल 51 आवेदन डीएम के समक्ष प्रस्तुत किए।
जनसुनवाई के दौरान डीएम ने सभी आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता से सुना और संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को प्रत्येक मामले में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी आवेदनों का निष्पादन निर्धारित समय सीमा के भीतर पारदर्शी, निष्पक्ष और न्यायसंगत तरीके से किया जाए, ताकि आम लोगों को शीघ्र राहत मिल सके।
डीएम अभिषेक रंजन ने कहा कि जिला प्रशासन सुशासन, जवाबदेह प्रशासन और जनकल्याण की भावना के साथ कार्य कर रहा है। जनसुनवाई आम नागरिकों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है, जिसके जरिए लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाता है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनसुनवाई में प्राप्त मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गुणवत्तापूर्ण निष्पादन करें तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब न होने दें।
जिला प्रशासन ने दोहराया कि आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण, पारदर्शिता तथा जनसहभागिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
إرسال تعليق