श्रावणी मेला में श्रदालुओं को मिलेगी बेहतर सुविधा
कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- आगामी श्रावणी मेला को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को जिला पदाधिकारी अभिषेक रंजन एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार सिंह के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने बाबा सिंहेश्वर नाथ मंदिर परिसर का निरीक्षण कर विधि-व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान डीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए समय पर सभी तैयारियां पूरी करने को कहा।
मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते जिला प्रशासन
महाशिवरात्रि जैसी रहेगी व्यवस्था
निरीक्षण के दौरान डीएम ने कहा कि श्रावणी मेला में भी महाशिवरात्रि की तरह ही व्यवस्थाएं लागू रहेंगी। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए मंदिर के बाइपास गेट तक पंडाल का विस्तार करने तथा आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त पंडाल लगाने का निर्देश दिया गया। मंदिर परिसर में पूर्व की तरह बैरिकेडिंग और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कार्पेट बिछाने के भी निर्देश दिए गए।
आरओ, पेयजल और शौचालय की होगी समुचित व्यवस्था
डीएम ने मंदिर परिसर में खराब पड़े सभी आरओ सिस्टम को अविलंब दुरुस्त करने तथा बाहर भी पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। पीएचईडी विभाग को मंदिर परिसर में चापाकल चालू रखने, मेला ग्राउंड में अस्थायी शौचालय बनाने तथा सभी शौचालयों में नियमित साफ-सफाई और पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने को कहा गया।
धर्मशालाओं में रोशनी और पंखों की व्यवस्था
बिजली विभाग को सभी धर्मशालाओं में पर्याप्त रोशनी एवं पंखों की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही विद्युत वायरिंग की जांच कर सुरक्षा प्रमाण-पत्र जारी करने को भी कहा गया, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे। वही खराब पड़े सीसीटीवी कैमरे को दुरुस्त कराने का निर्देश दिया।
सड़कों के गड्ढे भरने और पाइपलाइन दुरुस्त करने के निर्देश
डीएम ने मंदिर बाइपास एवं आसपास की सड़कों पर बने गड्ढों को तत्काल भरने का निर्देश दिया। इसके अलावा हाथी गेट के पास पीएचईडी की क्षतिग्रस्त पाइपलाइन से सड़क पर जमा हो रहे पानी और घरों में नही पहुंच रहा है। जल की समस्या को अविलंब दूर करने को कहा, स्थानीय लोगों की पेयजल की समस्या का समाधान हो और श्रद्धालुओं, डाक बम एवं कांवरियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
शिवगंगा की सफाई और सुरक्षा पर विशेष ध्यान
डीएम ने शिवगंगा में मोटरबोट संचालन के मद्देनजर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए चारों ओर बैरिकेडिंग लगाने तथा नगर पंचायत को कचरा सहित घास-फूस की नियमित सफाई कराने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान डीडीसी अनिल बसाक, एएसपी प्रवेंद्र भारती, यातायात डीएसपी चेतनानंद झा, एडीएम (आपदा), एसडीओ संतोष कुमार, एसडीसी संतोष कुमार, बीडीओ ज्योति गामी, सीओ नवीन कुमार सिंह, पीएचईडी, विद्युत एवं भवन निर्माण विभाग के अधिकारी, न्यास समिति के सदस्य विजय कुमार सिंह, दिलीप खंडेलवाल, जवाहर पासवान, योग नारायण राय, अस्मिता सिंह, रौशन ठाकुर, हरेंद्र मंडल, मंदिर प्रबंधक भवेश कुमार, लेखापाल राकेश श्रीवास्तव, विधि लिपिक बाल किशोर, स्टेनो विमल कुमार सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।
إرسال تعليق