मुरलीगंज में दिनदहाड़े युवक को मारी दो गोलियां, हथियार लहराते फरार हुए बदमाश

मुरलीगंज में दो युवक को मारी गोली


कोशी तक/मुरलीगंज मधेपुरा:-  मुरलीगंज थाना क्षेत्र के दिनापट्टी सखुआ पंचायत अंतर्गत सखुआ गांव के पास नहर किनारे बुधवार की शाम करीब चार बजे बेखौफ बदमाशों ने एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद चार से पांच की संख्या में आए बदमाश हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

घायल युवक की पहचान सखुआ वार्ड संख्या 10 निवासी फूलचंद पासवान के 24 वर्षीय पुत्र दिलखुश कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजन गंभीर रूप से घायल दिलखुश को तत्काल मुरलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे मधेपुरा रेफर कर दिया।

घायल की पत्नी लवली देवी ने बताया कि घटना से पहले पांच-छह की संख्या में बदमाश उनके घर पहुंचे और दिलखुश के बारे में पूछताछ की। उन्हें बताया गया कि वह नहर की ओर गया है। इसके बाद सभी बदमाश उसी दिशा में चले गए। अनहोनी की आशंका होने पर परिजन भी उनके पीछे पहुंचे, लेकिन तब तक बदमाश दिलखुश की पिटाई कर चुके थे और उसे दो गोलियां मारकर हथियार लहराते हुए फरार हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गोली लगने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल घटना के पीछे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

प्रभारी थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को सक्रिय कर दिया गया है। बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है तथा मामले की गहन जांच जारी है।

मुरलीगंज से अंशु भगत 

Post a Comment

أحدث أقدم