श्रावणी मेला की तैयारी तेज, बाबा मंदिर में जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने का काम युद्ध स्तर पर शुरू

 

बाबा मंदिर से नीर निकालने की पुख्ता तैयारी 



कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- आगामी श्रावणी मेला को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बुधवार को जिला पदाधिकारी की समीक्षा बैठक के बाद गुरुवार से बाबा सिंहेश्वर नाथ मंदिर में जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया।

वर्षों से गर्भगृह में बाबा सिंहेश्वर नाथ पर अर्पित होने वाले जल की समुचित निकासी नहीं होने के कारण बार-बार पंपिंग सेट की मदद से पानी बाहर निकालना पड़ता था। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिला पदाधिकारी ने पुराने छोटे पाइप को हटाकर बड़े होम पाइप लगाने का निर्देश दिया।

डीएम के निर्देश के बाद गुरुवार को दो जेसीबी मशीनों की मदद से तेजी से खुदाई और पाइप बिछाने का कार्य शुरू किया गया। इसके साथ ही मंदिर परिसर से निकलने वाले जल के निस्तारण के लिए नदी किनारे एक बड़े सोखता (सोक पिट) का भी निर्माण कराया जा रहा है।

कार्यस्थल पर मौजूद कर्मियों ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से दो से तीन दिनों के भीतर पूरा कार्य हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिया गया है, ताकि श्रावणी मेला शुरू होने से पहले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। प्रशासन का लक्ष्य इस बार मेले में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और मंदिर परिसर में जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान करना है।

Post a Comment

أحدث أقدم