राशनकार्ड मे नाम कटने पर पंसस की बैठक में हंगामा
कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- सिंहेश्वर प्रखंड कार्यालय के सभा भवन में बुधवार को पंचायत समिति की सामान्य बैठक प्रमुख इस्तियाक आलम की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक का संचालन बीडीओ ज्योति गामी ने किया। लंबे समय बाद बैठक में थानाध्यक्ष समेत कई विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे। बैठक में जीरामजी योजना, राशन कार्ड से नाम कटने, सड़क सुरक्षा, जल निकासी और पेयजल जैसी कई महत्वपूर्ण समस्याओं पर चर्चा हुई।
जीरामजी योजना पर सदस्यों ने जताई आपत्ति
बैठक के अंतिम सत्र में विकास योजनाओं पर चर्चा के दौरान जीरामजी कार्यक्रम पदाधिकारी सुधांशु सुमन ने आधारभूत संरचना, कृषि, जलवायु परिवर्तन, सोख्ता निर्माण और वृक्षारोपण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी। इस पर पंचायत समिति सदस्यों ने योजना का विरोध करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की 60 प्रतिशत राशि के बावजूद राज्य सरकार का 40 प्रतिशत अंशदान समय पर नहीं मिलने से भुगतान अटक जाता है। ऐसे में नई योजनाओं का क्रियान्वयन कैसे संभव होगा। सदस्यों ने यह भी कहा कि जीविका की सतत उपार्जन योजना के तहत बने पशु शेड और बकरी शेड का भुगतान भी अब तक नहीं हुआ है।
एप्रोच पथ और बिजली सुरक्षा का मुद्दा उठा
सुखासन पंचायत के मुखिया किशोर कुमार पप्पू ने नारियल विकास बोर्ड से सुखासन जाने वाली सड़क पर पुल से पहले एप्रोच पथ नहीं होने के कारण बड़ी दुर्घटना की आशंका जताई। उन्होंने परवाने नदी किनारे स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों की सुरक्षा तथा वार्ड नंबर 8 मोड़ से ट्रेनिंग कॉलेज तक 11 हजार वोल्ट बिजली लाइन के नीचे सुरक्षा जाल लगाने की मांग की।
कमरगामा पंचायत के मुखिया जय कृष्ण शर्मा ने भी सिरसिया दुर्गा मंदिर के पास 11 हजार वोल्ट लाइन के नीचे सुरक्षा जाल लगाने की आवश्यकता बताई। पंचायत समिति सदस्य हरिश्चंद्र राम ने बरवाला में योजना मार्ग से बिजली पोल हटाने तथा जल-नल योजना के सुचारु संचालन और पानी टंकी की नियमित सफाई की मांग उठाई।
जल निकासी की समस्या पर भी हुई चर्चा
लालपुर सरोपट्टी पंचायत की मुखिया मुंद्रिका देवी ने वार्ड संख्या-11 के महादलित टोला में सुरेश मालिक के घर से कमल ऋषिदेव के घर तक पक्की सड़क पर लगभग दो फीट बारिश का पानी जमा रहने की समस्या उठाते हुए शीघ्र जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की।
राशन कार्ड से नाम कटने पर गरमाई बैठक
बैठक का सबसे गर्म मुद्दा राशन कार्ड से बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने का रहा। पंचायत समिति सदस्य मनीष कुमार ने आरोप लगाया कि प्रखंड की लगभग हर पंचायत में सैकड़ों गरीब एवं भूमिहीन महादलित परिवारों का नाम राशन कार्ड से हटा दिया गया है। इस मुद्दे पर सभी सदस्य एकजुट होकर नाराजगी जताने लगे।
इस पर एमओ अजीत कुमार ने बताया कि प्रखंड में लगभग 1,600 लोगों के नाम राशन कार्ड से हटाए गए हैं। उन्होंने बताया कि जिन लाभुकों के खाते में एक वर्ष के दौरान 1.20 लाख रुपये से अधिक का ऑनलाइन लेन-देन, किसान सम्मान निधि में ढाई एकड़ भूमि का रिकॉर्ड, चार पहिया वाहन का स्वामित्व, 6 से 12 माह तक राशन का उठाव नहीं करना या लाभुक की मृत्यु जैसे कारण पाए गए हैं, उनका नाम हटाया गया है।
उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि यदि किसी पात्र गरीब व्यक्ति का नाम किसी अन्य कारण से हट गया है तो वह जाति, आय एवं आवासीय प्रमाण पत्र के साथ आवेदन दे सकता है। फिलहाल पोर्टल बंद है, खुलने के बाद पात्र लाभुकों का नाम दोबारा जोड़ा जाएगा।
बैठक में सीओ नवीन कुमार सिंह, डीपीआरओ रोहित कुमार, थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह, बीएएचओ संजय राम, बीएओ चंदन कुमार, बीएचएम पियूष वर्धन, बीपीएम सिद्धार्थ रमन, उप प्रमुख मुकेश यादव, पंचायत समिति सदस्य चंद्रकला देवी, जयकांत कुमार, नूतन कुमारी, माधवी सिंह, माधव कुमार आजाद, पूजा कुमारी, अर्जुन आलोक, शोभा देवी, मंजू देवी पटोरी, मंजू देवी बैहरी, सुनीता देवी, मुखिया सुखासन सह मुखिया संघ अध्यक्ष किशोर कुमार पप्पू, जय कृष्ण रजक, अमित देवी, सहित मुखिया और समिति प्रतिनिधि मौजूद रहे।
إرسال تعليق