सीएसपी संचालक को गोली मारकर साढ़े 7 लाख लूटा
कोशी तक/मधेपुरा: जिले में अपराधियों ने दिनदहाड़े बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देते हुए एक सीएसपी संचालक को गोली मार दी और उनके पास मौजूद करीब 7.5 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए।
घायल सीएसपी संचालक की पहचान महेशुआ वार्ड नंबर 12 निवासी शिवान सुंदर उर्फ मिट्टू कुमार के रूप में हुई है। घटना के संबंध में उनके भाई सोनू कुमार ने बताया कि शिवान सुंदर बैंक ऑफ बड़ौदा से करीब 7.5 लाख रुपये निकालकर अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से महेशुआ स्थित घर लौट रहे थे।
इसी दौरान गहुमनी और महेशुआ के बीच पल्सर 220 बाइक पर सवार तीन हथियारबंद अपराधियों ने उनका पीछा किया। आरोप है कि अपराधियों में से दो ने अपने चेहरे गमछे से ढक रखे थे। बदमाशों ने शिवान सुंदर को गोली मार दी और रुपये से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के बाद अपराधियों ने राहगीरों को भी गोली मारने की धमकी दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल शिवान सुंदर को पहले सदर अस्पताल, मधेपुरा लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी की जा रही है।
إرسال تعليق