विषाक्त मध्याह्न भोजन खाने से 41 छात्र-छात्राएं बीमार, सीएचसी में चला इलाज। चार बच्चों की हालत बिगड़ी, उपचार के बाद सभी खतरे से बाहर।

विषाक्त भोजन से बिमार बच्चे सीएचसी में इलाजरतघटना की जानकारी पर सीएचसी पहुंचे थाना की टीम 



कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- गमहरिया प्रखंड के जागीर टोला मध्य विद्यालय में शनिवार को मध्याह्न भोजन खाने के बाद 41 छात्र-छात्राओं की तबीयत अचानक बिगड़ गई। बच्चों को सिरदर्द, पेट दर्द, गले में जलन और उल्टी की शिकायत होने लगी। स्थिति बिगड़ते देख विद्यालय के शिक्षकों ने सभी बीमार बच्चों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिंहेश्वर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की टीम ने सभी का इलाज शुरू किया।

सीएचसी प्रभारी ने किया टीम का गठन 

सीएचसी प्रभारी डॉ. रविन्द्र कुमार के नेतृत्व में डॉ. अर्चना कुमारी, जीएनएम पल्लवी पायल, एएनएम कृति प्रिया, मीरा कुमारी,  अनिल कुमार एवं फार्मासिस्ट कृष्ण कुमार की टीम गठित कर सभी बच्चों का उपचार किया गया।

इलाज के दौरान मधु कुमारी, पल्लवी कुमारी, कल्पना कुमारी और सुधा कुमारी की हालत अपेक्षाकृत गंभीर बताई गई। हालांकि चिकित्सकों की तत्परता से उपचार के बाद सभी बच्चों की स्थिति में सुधार हुआ और उन्हें खतरे से बाहर बताया गया।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक विद्यालय पहुंच गए और विषाक्त भोजन परोसने को लेकर विद्यालय प्रशासन के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। अभिभावकों ने मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।

सीएचसी प्रभारी डॉ. रविन्द्र कुमार ने बताया कि विषाक्त भोजन खाने से करीब 39 बच्चे अस्पताल पहुंचे थे। सभी का तत्काल इलाज किया गया। चिकित्सकीय निगरानी के बाद सभी बच्चों की स्थिति सामान्य है और वे खतरे से बाहर हैं।

घटना के बाद शिक्षा विभाग एवं प्रशासन द्वारा मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता और पूरे मामले की जांच की तैयारी की जा रही है। विद्यालय में आखिर भोजन कैसे विषाक्त हुआ, इसकी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Post a Comment

أحدث أقدم