कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के जयपुरा वार्ड नंबर 1 में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह रविवार सुबह अपने घर में फंदे से लटकी मिली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार जयपुरा निवासी योगिंदर दास की 18 वर्षीय पुत्रवधू मधु कुमारी, पति संदीप कुमार, घर के अंदर फंदे से लटकी मिली। परिवार के लोगों ने उसे फंदे से उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतका की मां पुनम देवी, निवासी विशनपुर दुर्गा स्थान वार्ड नंबर 4 (जिला सुपौल), ने बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व उन्होंने अपनी पुत्री की शादी संदीप कुमार से 10 लाख रुपये से अधिक नकद एवं सामान देकर की थी। उनका आरोप है कि शादी के बाद से ही बेटी को प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने कहा कि पति अक्सर काम-धंधा नहीं करने को लेकर विवाद करता था। पुनम देवी का आरोप है कि उनकी बेटी के दोनों हाथ बांधकर उसके साथ मारपीट की गई और बाद में गले में फंदा लगाकर उसे लटका दिया गया। उन्होंने मृतका के हाथ, गले और पैर पर चोट के निशान होने का भी दावा किया।
घटना की सूचना मिलते ही सिंहेश्वर थाना पुलिस एवं एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि मामले को लेकर परिजनों में आक्रोश है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर विधि-सम्मत आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं एफएसएल जांच रिपोर्ट के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी।

إرسال تعليق