दुलार सहयोग शिविर में जाब कार्ड वितरण करते विधायक
नगर पंचायत में ग्रामीण के नही पहुंचने से नाराज विधायक रमेश ऋषि
कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- सिंहेश्वर प्रखंड के दुलार पीपराही पंचायत एवं नगर पंचायत सिंहेश्वर में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। नगर पंचायत सिंहेश्वर में आयोजित शिविर में स्थानीय विधायक डॉ. रमेश ऋषिदेव पहुंचे, जहां अधिकारियों की लापरवाही के कारण शिकायतकर्ता नहीं पहुंचे थे। इसे लेकर विधायक ने नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी राज कुमार कुशवाह को फटकार लगाते हुए भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही नहीं करने की नसीहत दी।
विधायक के पहुंचने के बाद स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन के कार्यकलापों पर सवाल उठाते हुए कहा कि शिविर की सूचना आम लोगों तक नहीं पहुंचाई गई। लोगों ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत क्षेत्र में कई समस्याएं बनी हुई हैं, लेकिन अधिकारियों द्वारा गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है।
लोगों ने विधायक के समक्ष कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में करोड़ों रुपये की लागत से लगाए गए सीसीटीवी कैमरे खराब पड़े हैं तथा बाजार में लगाए गए कूड़ा दान भी कहीं नजर नहीं आते हैं। वहीं शांति वन गली सड़क निर्माण का आवेदन भी लंबे समय से लंबित पड़ा हुआ है। विधायक ने कार्यपालक पदाधिकारी को अगले शिविर के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
वहीं दुलार पीपराही पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर का उद्घाटन विधायक डॉ. रमेश ऋषिदेव ने किया। शिविर के लिए प्रतिनियुक्त जिला योजना पदाधिकारी कुमार उमाशंकर ने विधायक को शॉल एवं पौधा देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर बीडीओ ज्योति गामी ने बताया कि दुलार पीपराही पंचायत में कुल 85 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 50 आवेदनों का निष्पादन कर दिया गया है, जबकि 35 आवेदनों पर कार्रवाई जारी है। उन्होंने कहा कि शिविर में अभी भी आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं।
मौके पर एमओ अजीत कुमार, मुखिया पप्पू कुमार यादव, हरेंद्र मंडल, रौशन ठाकुर, राकेश कुमार सिंह, सरपंच विष्णु देव मंडल, राहुल कुमार, कार्यपालक सहायक गौतम कुमार, पीआरएस नूतन कुमारी, वार्ड सदस्य जयराम यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
एक टिप्पणी भेजें