हॉस्टल में छह वर्षीय छात्र की संदिग्ध मौत, हत्या की आशंका

6 वर्षिय बालक की फंदे लगा कर मौत के बाद विलखते परिजन 



कोशी तक/मुरलीगंज मधेपुरा:- थाना क्षेत्र के नाढी पंचायत अंतर्गत खाड़ी परमानंदपुर स्थित एक निजी आवासीय विद्यालय के हॉस्टल में छह वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार जेडी पब्लिक स्कूल के हॉस्टल परिसर में शौचालय कक्ष के समीप एक पाइप से फंदे के सहारे छात्र का शव लटका मिला। मृतक की पहचान पोखराम परमानंदपुर पंचायत के रहटा टोला निवासी रामानंद यादव के छह वर्षीय पुत्र आनंद प्रेम के रूप में हुई है। वह यूकेजी का छात्र था और हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करता था।

घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के पिता रामानंद यादव ने पुत्र की हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि छह वर्षीय बच्चा इस तरह आत्महत्या नहीं कर सकता। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

इधर मामले में नया मोड़ तब आया जब विद्यालय के एक छात्र मनीष कुमार ने दावा किया कि शनिवार रात दो अज्ञात व्यक्ति विद्यालय परिसर में आए थे। उसके अनुसार उन लोगों ने आनंद प्रेम के गले में रस्सी बांधी और बाद में विद्यालय के पीछे की ओर से निकल गए। हालांकि पुलिस ने इस दावे की पुष्टि नहीं की है और इसे जांच के दायरे में रखा है।

घटना के बाद विद्यालय के प्राचार्य सुनील कुमार समेत प्रबंधन से जुड़े अन्य लोग मौके पर नहीं मिले। पुलिस विद्यालय प्रबंधन की भूमिका सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष नूरूल हक ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एसएफएल टीम को बुलाया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है तथा रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। विद्यालय प्रबंधन से भी पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। 

मुरलीगंज से अंशु भगत 

Post a Comment

और नया पुराने