नगर परिषद का कारनामा, कचरा डंपिंग से ग्रामीणों में बढ़ता आक्रोश

नगर परिषद के द्वारा कचरा फेंकने की शिकायत पर पहुची ईओ



कोशी तक/मधेपुरा:- मधेपुरा नगर परिषद द्वारा शहर का कचरा मानिकपुर चौक से पहले पुल के समीप डंप किए जाने को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। लोगों का आरोप है कि प्रतिदिन नगर परिषद के ट्रैक्टरों से यहां कचरा फेंका जा रहा है, जिससे आसपास के क्षेत्रों में दुर्गंध फैल रही है और लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों को नाक बंद कर चलना पड़ता है। वहीं आसपास के परिवारों को गंदगी, बदबू और संभावित बीमारियों के खतरे का सामना करना पड़ रहा है। कचरे में आग लगने से उठने वाला धुआं भी लोगों के स्वास्थ्य के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।

विरोध बढ़ने पर नगर परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी तान्या कुमारी ने बताया कि बुधमा में 2 एकड़ 54 डिसमिल भूमि पर आधुनिक डंपिंग जोन का निर्माण कराया जा रहा है। इसके तहत कंपोस्ट प्लांट निर्माण पर 1.54 करोड़ रुपये तथा मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) पर 2.74 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

नगर परिषद के अनुसार यह परियोजना लगभग तीन माह में पूरी हो जाएगी, जिसके बाद शहर के कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाएगा और सड़क किनारे कचरा डंप करने की समस्या समाप्त हो जाएगी। फिलहाल लोगों को हो रही परेशानी को देखते हुए सड़क किनारे जमा कचरे को और दूर हटाने का प्रयास किया जा रहा है।

हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि स्थायी व्यवस्था बनने तक उन्हें इस समस्या से कब राहत मिलेगी, यह सबसे बड़ा सवाल बना हुआ है।

Post a Comment

और नया पुराने