सहयोग शिविर में आवेदन का निरीक्षण करती बीडीओ
सहयोग शिविर में लोगों के स्वास्थ्य की जांच करते चिकित्सा प्रभारी
कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- प्रखंड मुख्यालय में आयोजित तीन दिवसीय सहयोग सह जन कल्याण शिविर के पहले दिन लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिविर में विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित समस्याओं के समाधान और लाभ दिलाने के उद्देश्य से कुल 17 काउंटर स्थापित किए गए, जहां विभिन्न विभागों के नोडल पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहकर लोगों से आवेदन प्राप्त कर उनका मार्गदर्शन कर रहे हैं।
शिविर में आयुष्मान भारत योजना, आयुष्मान वय वंदना कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड समेत विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन लिए गए।
प्रखंड प्रशासन के अनुसार पहले दिन कुल 115 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 62 आवेदनों का मौके पर ही निस्तारण कर लाभुकों को तत्काल राहत एवं सुविधा उपलब्ध कराई गई। वहीं शेष 53 आवेदनों को आवश्यक कार्रवाई एवं नियमानुसार निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को अग्रसारित कर दिया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाएं एवं योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।
प्रखंड प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं और अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन दें।
गौरतलब है कि यह सहयोग सह जन कल्याण शिविर 17 एवं 18 जून को भी पूर्व निर्धारित समय पर आयोजित किया जाएगा। प्रशासन ने सभी पात्र लाभुकों से शिविर में उपस्थित होकर उपलब्ध सेवाओं का लाभ लेने का अनुरोध किया है।
एक टिप्पणी भेजें