मुरलीगंज नगर पंचायत के सशक्त कमिटी का निर्वाचित सदस्य
कोशी तक/मुरलीगंज मधेपुरा:- प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित सभागार में शुक्रवार को नगर पंचायत सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों का चुनाव शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया गया। चुनाव प्रक्रिया एसडीसी मो. फैजान सरवर की देखरेख में पूरी की गई।
जानकारी के अनुसार सशक्त स्थायी समिति के तीन पदों के लिए केवल तीन प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया था। अन्य किसी उम्मीदवार द्वारा नामांकन नहीं किए जाने के कारण सभी प्रत्याशियों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया।
निर्विरोध निर्वाचित होने वालों में वार्ड संख्या चार की पार्षद आशा देवी, वार्ड संख्या छह की पार्षद प्रियंका कुमारी तथा वार्ड संख्या 13 के पार्षद जगदीश साह शामिल हैं।
चुनाव के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त रही। मौके पर बीडीओ गोपाल कृष्णन, सीओ किसलय कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी अजय कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
निर्विरोध जीत की घोषणा होते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया और निर्वाचित सदस्यों को बधाई दी।
वहीं, चुनाव प्रक्रिया के दौरान कई पार्षद अनुपस्थित रहे। कुल 15 पार्षदों में से करीब सात से आठ पार्षद ही मौजूद थे।
मुरलीगंज से अंशु भगत
एक टिप्पणी भेजें