कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- नगर विकास विभाग, बिहार सरकार के अवर सचिव के निर्देशानुसार नगर निकाय में सशक्त स्थायी समिति के गठन को लेकर शुक्रवार को सिंहेश्वर प्रखंड कार्यालय के सभा भवन में चुनाव कराया गया। चुनाव प्रक्रिया के तहत अस्थायी सशक्त कमेटी के तीन सदस्यों का निर्वाचन संपन्न हुआ। तीनों सदस्यों के चुनाव के लिए अलग-अलग एआरओ नियुक्त किए गए थे।
सदस्य संख्या 1 के चुनाव के लिए सिंहेश्वर बीडीओ ज्योति गामी को एआरओ बनाया गया। इसमें वार्ड नंबर 7 के पार्षद बिंदेश्वरी राम और वार्ड नंबर 1 के वार्ड पार्षद शंकर चौधरी के बीच मतदान हुआ। मतदान में बिंदेश्वरी राम को 8 तथा शंकर चौधरी को 3 मत मिले। इसके बाद बिंदेश्वरी राम को निर्वाचित घोषित किया गया।
वहीं दूसरे सदस्य के चुनाव के लिए गम्हरिया सीओ स्नेह सागर को एआरओ बनाया गया। इसमें वार्ड नंबर 4 के वार्ड पार्षद रणजीत सिंह और वार्ड नंबर 9 की वार्ड पार्षद नीलू देवी के बीच मुकाबला हुआ। मतदान में रणजीत सिंह को 7 तथा नीलू देवी को 4 मत प्राप्त हुए। इसके बाद रणजीत सिंह को निर्वाचित घोषित किया गया।
तीसरे सदस्य के चुनाव के लिए शंकरपुर बीडीओ तेज प्रताप त्यागी को एआरओ बनाया गया। इस पद पर वार्ड नंबर 2 के पार्षद रंजू देवी निर्विरोध निर्वाचित हुईं।
निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी निर्वाचित सदस्यों को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया तथा पद एवं गोपनीयता की शपथ भी दिलाई गई। चुनाव प्रक्रिया के दौरान वरीय पर्यवेक्षक डीसीएलआर अनंत कुमार एवं पंचायती राज पदाधिकारी रोहित कुमार मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें