मंदिर रोड में बर्तन दुकान में चोरी समान का जांच करती पुलिस
मंदिर का समान चुराने वाले चोर गिरोह के साथ शंकरपुर पुलिस
कोशी तक शंकरपुर/मधेपुरा:- शंकरपुर थाना एवं सीमावर्ती त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र में मंदिरों से घंटी और दान पेटी से रुपये चोरी की घटनाओं का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, बीते कुछ दिनों से क्षेत्र के अरतहा काली मंदिर एवं मधेली कार्तिक भगवान मंदिर से घंटा और दान पेटी से रुपये चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। वहीं त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के डपरखा स्थित चम्पावती मंदिर के गर्भगृह से चांदी का मुकुट चोरी होने और मार्च माह में राजेश्वरी थाना क्षेत्र में घंटी चोरी की घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश और भय का माहौल था।
लगातार हो रही इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए मधेपुरा पुलिस एवं सुपौल पुलिस के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में शंकरपुर और त्रिवेणीगंज थाना के साथ-साथ डीआईयू टीम को शामिल किया गया। तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में मधेली बाजार निवासी मोहम्मद साजिद, आशीष कुमार (पिता सुरेंद्र यादव) एवं गम्हरिया थाना क्षेत्र निवासी आशीष कुमार (पिता राजकिशोर गुप्ता) शामिल हैं। इनके पास से चोरी की गई सामग्री बरामद की गई है, जिसमें लगभग 19 किलोग्राम वजन की पाँच घंटियां, 380 ग्राम चांदी का श्रृंगार, पायल, मुकुट, घुंघरू और अन्य सामान शामिल हैं। साथ ही चोरी में इस्तेमाल किया गया ऑटो भी जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी भी दी है। बाकी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि इससे क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगेगा।
एक टिप्पणी भेजें