मुरलीगंज में धूमधाम से मनाई गई महर्षि मेंही परमहंस जी महाराज की 142वीं जयंती

 महर्षि मेही के जयंती पर मुरलीगंज में निकली भव्य शोभायात्रा 



कोशी तक/मुरलीगंज मधेपुरा:- प्रखंड क्षेत्र में गुरुवार को महान संत महर्षि मेंही परमहंस जी महाराज की 142वीं जयंती धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर शहर के झील चौक स्थित महर्षि मेंही आश्रम से भव्य शोभा यात्रा निकाली गई।

आश्रम के स्वामी शंभू बाबा के संरक्षण में महर्षि मेंही जी के तैल चित्र को रथ पर विराजमान कर जयघोष के साथ शोभा यात्रा निकाली गई। यात्रा झील चौक से हाट बाजार, मिडिल चौक, हरिद्वार चौक, गोलबाजार और शांति नगर होते हुए पुनः आश्रम पहुंचकर संपन्न हुई।

इसके बाद आश्रम परिसर में स्तुति-विनती, सदग्रंथ पाठ एवं प्रवचन का आयोजन किया गया, जिसमें संत के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। आयोजन में रघुनंदन शर्मा, अनिल वर्मा, सुनील भगत, अशोक अग्रवाल, विवेकानंद शर्मा, शैलेन्द्र कुमार, उमेश यादव, जनार्दन यादव, पूनम वर्मा एवं अहिल्या देवी सहित कई सत्संग प्रेमियों का सराहनीय योगदान रहा।

📿 जोरगामा में भी हुआ सत्संग आयोजन

प्रखंड के जोरगामा गांव में भी सत्संग का आयोजन किया गया। वार्ड संख्या 4 में अरुण लाल दास के आवास पर प्रातःकालीन स्तुति-विनती, भजन-कीर्तन एवं सामूहिक ध्यान अभ्यास हुआ।

इस दौरान वक्ताओं ने बताया कि महर्षि मेंही परमहंस जी महाराज का जन्म 1885 ई. में मधेपुरा जिले के खोखसी श्याम गांव में हुआ था। उनका जीवन सत्य, साधना, ज्ञान और मानव सेवा का अद्भुत उदाहरण रहा है। उन्होंने सत्य, अहिंसा, सदाचार और ध्यान योग का संदेश देकर समाज को नई दिशा दी।

वक्ताओं ने कहा कि उनके बताए मार्ग पर चलकर ही जीवन को सार्थक और धन्य बनाया जा सकता है। कार्यक्रम में प्रभाष लाल दास, दीपक कुमार, रिप्पू वर्मा, अभिषेक कुमार, सात्विक वर्मा, निर्मला देवी, ज्योति कुमारी सहित कई श्रद्धालु उपस्थित रहे।

मुरलीगंज से अंशु भगत 

Post a Comment

और नया पुराने