अतिक्रमण हटाने गई पुलिस टीम पर हमला, थानाध्यक्ष सहित कई जवान घायल

जेएनकेटी में इलाज के दौरान घायल थानाध्यक्ष राधव शरण जेएनकेटी में घायल थानाध्यक्ष का इलाज करवाते पुलिसकर्मी 



कोशी तक/मधेपुरा गम्हरिया:- गम्हरिया थाना क्षेत्र के भेलवा पंचायत अंतर्गत वार्ड नंबर 6 स्थित घोरमाहा गांव में गुरुवार को सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने गई पुलिस एवं प्रशासनिक टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। आक्रोशित लोगों ने लाठी-डंडा और ईंट-पत्थर से हमला किया, जिसमें थानाध्यक्ष सहित दर्जनभर से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, परिवादी महा कांत झा ने बिजो यादव और महेंद्र यादव के खिलाफ अतिक्रमण हटाने को लेकर जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी के समक्ष आवेदन दिया था। इसके बाद एसडीएम के आदेश पर 30 अप्रैल को अतिक्रमण हटाने के लिए अंचलाधिकारी और थानाध्यक्ष के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

गुरुवार को बीडीओ सह प्रभारी अंचलाधिकारी शाएक आलम और थानाध्यक्ष राधव शरण पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जेसीबी के माध्यम से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। इसी दौरान ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने पुलिस टीम पर हमला बोल दिया।

इस हमले में थानाध्यक्ष राधव शरण सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए जेएनकेटी मेडिकल कालेज सिंहेश्वर मधेपुरा में भर्ती कराया गया है।

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि गांव में एक लड़की की शादी की तैयारी चल रही थी और टेंट आदि लगाए गए थे। ग्रामीणों ने प्रशासन से एक दिन बाद कार्रवाई करने का अनुरोध किया था, लेकिन कार्रवाई शुरू होने पर विवाद बढ़ गया। ग्रामीणों ने पुलिस पर लाठीचार्ज का भी आरोप लगाया है।

एसपी कार्यालय के अनुसार, गम्हरिया थानाध्यक्ष व अंचलाधिकारी अतिक्रमण हटाने पहुंचे थे। कार्रवाई के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस पर ईंट-पत्थर से हमला किया, जिसमें कुछ जवान घायल हुए। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया है। अब अगली तिथि तय कर अतिक्रमण हटाया जाएगा और मामले में कानूनी कार्रवाई जारी है।


Post a Comment

और नया पुराने