अवैध संबंध का विरोध करने पर महिला पर हमला, मारपीट व लूटपाट का मामला दर्ज

 थाना शंकरपुर का मामला 


कोशी तक/शंकरपुर मधेपुरा:- मधेपुरा जिले के शंकरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जिरवा मधेली पंचायत के एक गांव में शनिवार शाम एक महिला के साथ मारपीट, लूटपाट और घर में तोड़फोड़ की गंभीर घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि महिला द्वारा अवैध संबंध बनाने के दबाव का विरोध करने पर आरोपियों ने घटना को अंजाम दिया।

पीड़िता के पति द्वारा थाना में दिए गए आवेदन के अनुसार, 27 अप्रैल की शाम करीब 4 बजे गांव के मनीष कुमार, संजीव कुमार, रामेश्वर शर्मा, मुखिया राधेश्याम शर्मा और रूपक कुमार सहित कुछ अन्य लोग जबरन उनके घर में घुस आए। आरोप है कि मनीष कुमार उनकी पत्नी पर अवैध संबंध बनाने का दबाव बना रहा था। जब महिला अंशु देवी ने इसका विरोध किया और शोर मचाया, तो सभी आरोपियों ने मिलकर उन पर हमला कर दिया।

परिजनों के मुताबिक, एक आरोपी ने लोहे की रॉड से महिला के सिर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद अन्य आरोपियों ने भी बेरहमी से मारपीट की। इस दौरान महिला के गले से सोने की चेन और कान की बालियां छीन ली गईं। साथ ही घर में रखे संदूक को तोड़कर करीब 30 हजार रुपये नकद भी लूट लिए गए।

घटना के दौरान बचाव के लिए पहुंची एक अन्य महिला के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। घटना के बाद घायल महिला को शंकरपुर थाना लाया गया, जहां से उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) शंकरपुर में इलाज के लिए भेजा गया। चिकित्सकीय जांच में महिला के सिर पर गहरा जख्म और शरीर पर कई चोटों की पुष्टि हुई है।

इस संबंध में शंकरपुर थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि लिखित शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सुरक्षा की मांग की है।

Post a Comment

और नया पुराने