कोशी तक/सिंहेश्वर, मधेपुरा:- सिंहेश्वर नगर पंचायत पैक्स के आगामी निर्वाचन को लेकर मतदाता सूची के प्रकाशन संबंधी आधिकारिक सूचना जारी कर दी गई है। इस बाबत बीडीओ ज्योति गामी ने बताया की प्रखंड सिंहेश्वर अंतर्गत पंजीयन संख्या 01-मधेपुरा /2024 के सदस्यगणों के लिए तैयार की गई प्रारूप मतदाता सूची निर्धारित तिथियों में निरीक्षण हेतु उपलब्ध रहेगी।
जारी सूचना के अनुसार, बिहार राज्य निर्वाचन प्राधिकार नियमावली, 2008 एवं बिहार राज्य सहकारिता (संशोधन) नियमावली, 2008 के प्रावधानों तथा निर्वाचन प्राधिकार के निर्देशों के अनुरूप मतदाता सूची तैयार की गई है। इसकी प्रति कार्यालय अवधि के दौरान संबंधित कार्यालय, समिति कार्यालय तथा जिला सहकारिता पदाधिकारी, मधेपुरा के कार्यालय में निरीक्षण के लिए उपलब्ध रहेगी।
प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 28 अप्रैल 2026 से 7 मई 2026 तक किया जाएगा। मतदाता नामावली के निर्माण हेतु कट-ऑफ तिथि 31 मार्च 2026 निर्धारित की गई थी।
इस अवधि के दौरान यदि किसी व्यक्ति को नाम जोड़ने, हटाने या किसी प्रविष्टि में त्रुटि के संबंध में दावा या आपत्ति दर्ज करानी हो, तो वह निर्धारित प्रपत्र (एम-3 एवं एम-4) में आवेदन कर सकता है। आवेदन संबंधित कार्यालय में या प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी रोहित कुमार के समक्ष प्रस्तुत किया जा सकता है, अथवा डाक के माध्यम से भी भेजा जा सकता है, बशर्ते वह निर्धारित तिथि तक प्राप्त हो जाए।
प्राप्त दावों और आपत्तियों के निष्पादन के उपरांत मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 9 मई 2026 को किया जाएगा। प्रशासन ने सभी संबंधित लोगों से समय पर सूची का अवलोकन कर आवश्यक दावा-आपत्ति दर्ज कराने की अपील की है। जल्द ही मतदान की तिथि जारी कि जाएगी।

إرسال تعليق