कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- पंचायत निर्वाचन 2026 की तैयारियों के तहत सिंहेश्वर प्रखंड में प्रपत्र 1 के प्रारूप प्रकाशन को लेकर आधिकारिक सूचना जारी कर दी गई है। यह कार्रवाई सचिव, राज्य निर्वाचन आयोग, बिहार, पटना के पत्रांक-1505 (दिनांक 09 अप्रैल 2026) तथा जिला निर्वाचन पदाधिकारी (पंचायत) सह जिला पदाधिकारी, मधेपुरा के आदेश ज्ञापांक-971 (दिनांक 16 अप्रैल 2026) के आलोक में की गई है।
प्रखंड क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी ग्राम पंचायत, ग्राम कचहरी एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए जिला प्रशासन द्वारा अनुमोदित प्रपत्र-1 का प्रारूप दिनांक 04 मई 2026 को संबंधित ग्राम पंचायत कार्यालयों एवं प्रखंड कार्यालय, सिंहेश्वर के निर्धारित स्थानों पर प्रकाशित कर दिया गया है।
आपत्तियों व अन्य प्रक्रियाओं का तय कार्यक्रम।
प्रशासन द्वारा प्रपत्र 1 से संबंधित आगे की प्रक्रिया का विस्तृत कार्यक्रम भी जारी किया गया है, जिसके तहत: आपत्तियां दाखिल करने की अवधि: 04 मई 2026 से 18 मई 2026 तक
आपत्तियों का निष्पादन: 04 मई 2026 से 22 मई 2026 तक
अपील वादों का निष्पादन: 11 मई 2026 से 29 मई 2026 तक
प्रपत्र 1 का अंतिम प्रकाशन: 05 जून 2026
जिला गजट में प्रकाशन: 09 जून 2026।
दावा/आपत्ति जमा करने का स्थान
ग्राम पंचायत सदस्य, मुखिया, ग्राम कचहरी पंच/सरपंच एवं पंचायत समिति सदस्य पद से संबंधित दावे या आपत्तियां प्रखंड विकास पदाधिकारी सिंहेश्वर ज्योति गामी के कार्यालय में निर्धारित अवधि के भीतर जमा की जा सकती हैं।
प्रशासन की अपील
निर्वाची पदाधिकारी-सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी ज्योति गामी ने आम जनता से अपील की है कि वे प्रकाशित प्रपत्र-1 का अवलोकन करें और यदि जनसंख्या या अन्य विवरण में कोई त्रुटि हो तो निर्धारित समय सीमा के भीतर आपत्ति अवश्य दर्ज कराएं, ताकि अंतिम प्रकाशन से पहले आवश्यक सुधार किया जा सके।
यह प्रक्रिया पंचायत चुनाव को पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

إرسال تعليق