संत गंगा दास का नागरिक अभिनंदन एवं 79वां जन्मोत्सव समारोह आयोजित

 संत गंगा दास की 79 वां जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया 


कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- प्रखंड मुख्यालय स्थित श्रृंगी ऋषि की तपोभूमि अशोक वाटिका विवाह भवन के पावन प्रांगण में विश्व नशा उन्मूलन एवं कल्याण मिशन के राष्ट्रीय संस्थापक बाबा संत गंगा दास का नागरिक अभिनंदन एवं 79 वां जन्मोत्सव समारोह धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ नागरिक सेवा संघ सिंहेश्वर के अध्यक्ष ललितेश्वर भगत ‘ललन’ ने की।

कार्यक्रम का उद्घाटन विश्व नशा उन्मूलन एवं कल्याण मिशन तथा वरिष्ठ नागरिक सेवा संघ के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। मुख्य अतिथि सिविल सर्जन, सदर अस्पताल मधेपुरा विजय कुमार ने कहा कि संत गंगा दास 79 वर्ष की आयु में भी गांव-गांव और मोहल्लों में जाकर युवाओं को नशा छोड़ने के लिए प्रेरित कर रहे हैं, जो अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने बताया कि आज के युवा स्मैक, सिगरेट, सॉल्यूशन और अन्य नशीले पदार्थों के शिकार हो रहे हैं, जिससे कैंसर, टीबी, लिवर समेत कई गंभीर बीमारियां उत्पन्न होती हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों पर विशेष ध्यान देने की अपील की।

विशिष्ट अतिथि एवं वरिष्ठ नागरिक सेवा संघ मधेपुरा के जिला अध्यक्ष प्रो. डॉ. रामचंद्र प्रसाद मंडल ने कहा कि नशा समाज के लिए अभिशाप बन चुका है। उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि देश में करोड़ों लोग नशे की गिरफ्त में हैं, जिससे हृदय रोग, उच्च रक्तचाप, फेफड़े और किडनी से संबंधित बीमारियां बढ़ रही हैं।

अध्यक्षीय संबोधन में ललितेश्वर भगत ने कहा कि वर्ष 2002 से संत गंगा दास लगातार लोगों को नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित कर रहे हैं और लाखों लोगों को इस दिशा में मार्गदर्शन दे चुके हैं।

कार्यक्रम का संचालन जय नारायण पंडित ने किया। उन्होंने कहा कि नशा युवाओं के आर्थिक, मानसिक और शारीरिक जीवन को प्रभावित करता है, इसलिए उन्हें शिक्षा और सकारात्मक जीवन की ओर प्रेरित करना जरूरी है।

अपने संबोधन में संत गंगा दास ने कहा कि जब तक उनके शरीर में प्राण रहेगा, वे नशामुक्ति के लिए लोगों को जागरूक करते रहेंगे। इस अवसर पर उन्होंने दलित परिवारों के बीच दूध का वितरण करते हुए नशा छोड़कर स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया।

सीपीआई(एम) के जिला अध्यक्ष गणेश मानव ने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने संत गंगा दास को पद्मश्री सम्मान दिए जाने की मांग की।

इस अवसर पर सहरसा विधायक आईपी गुप्ता, अशोक भगत, भारत चंद्र भगत, बुद्धदेव साह, अखिलेश पोद्दार, राजेंद्र प्रसाद यादव, संजय सुमन, प्रीतम कुमार, हिमांशु कुमार, रंजू देवी, खुशबू कुमारी, अभिषेक कुमार, विनोद कुमार, रमेश सोनी, रतन ठाकुर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Post a Comment

أحدث أقدم