बड़ी वारदात की साजिश नाकाम: दो अपराधी अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार, कई लूटकांड का खुलासा

प्रेस कांफ्रेंस कर जानकारी देते एएसपी प्रवेंद्र भारती 


कोशी तक /मधेपुरा:- मधेपुरा पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने से पहले ही दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार बदमाशों के पास से अवैध हथियार, कारतूस, लूट की रकम और बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

जानकारी के अनुसार, 5 मई की संध्या में एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली कि सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के महेशुवा चौड़ा नहर पुल के पास कुछ अपराधी किसी बड़ी वारदात की फिराक में जुटे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम (एसआईटी) का गठन किया गया।

एसटीएफ, तकनीकी शाखा और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मौके से दो अपराधियों—ललटू कुमार उर्फ ललटू दास (36) और मौसम कुमार (23) को दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से 2 देशी कट्टा, 2 जिंदा कारतूस, 2 खोखा, 13,200 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और एक काले रंग की हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक (बिना नंबर) बरामद की गई।

पुलिस के अनुसार, दोनों अपराधी किसी बड़ी लूट या वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। पूछताछ में कई लूटकांडों में उनकी संलिप्तता सामने आई है, जिससे हाल के मामलों का भी खुलासा हुआ है।

इस संबंध में भर्राही थाना में कांड संख्या 153/26 दर्ज कर आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास काफी लंबा रहा है और विभिन्न थानों में इनके खिलाफ कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं।

छापेमारी टीम में भर्राही थाना के थानाध्यक्ष अरमोद कुमार, जोहन हॉसदा, संजीव कुमार सहित एसटीएफ और तकनीकी शाखा के अधिकारी शामिल थे।

पुलिस ने इस कार्रवाई को बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि समय रहते गिरफ्तारी नहीं होती तो क्षेत्र में बड़ी आपराधिक घटना हो सकती थी।

Post a Comment

أحدث أقدم