कोशी तक/गम्हरिया मधेपुरा:- थाना क्षेत्र के कौड़ीहार तरावे पंचायत स्थित बैजनाथपुर-लिटयाही मुख्य मार्ग पर सोमवार की शाम एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक की टक्कर से भीषण सड़क हादसा हो गया। तरावे चौक से करीब एक किलोमीटर उत्तर मुख्य सड़क पर हुए इस हादसे में बाइक और साइकिल सवार कई लोग घायल हो गए, जिनमें एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।
भिड़ंत में बाइक के उड़े परखच्चे
घटना शाम करीब 7:00 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक तेज रफ्तार बाइक ने पहले एक साइकिल सवार को ठोकर मारी और इसके बाद सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला चालक मौके से फरार हो गया।
युवक की हालत नाजुक
इस दुर्घटना में बाइक सवार राकेश कुमार (27 वर्ष), निवासी लतराहा आमहां पंचायत, सुपौल, गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। वहीं, बाइक पर सवार उनके दो अन्य साथी और साइकिल सवार व्यक्ति को भी चोटें आई हैं, लेकिन उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों ने दिखाई तत्परता
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत घायलों को उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गम्हरिया पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। गंभीर रूप से घायल युवक की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, “टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि हम लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। वहां चार लोग सड़क पर गिरे हुए थे। एक युवक बुरी तरह लहूलुहान था और दर्द से तड़प रहा था। बाइक का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया था।”
पुलिस को दी गई सूचना
घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार बाइक चालक की तलाश की जा रही है।

إرسال تعليق