मध्य विद्यालय सिंहेश्वर में प्रारंभिक शिक्षक संघ की बैठक
कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ, मधेपुरा की एक महत्वपूर्ण बैठक बीआरसी परिसर, मध्य विद्यालय सिंहेश्वर में जिला अध्यक्ष भुवन कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में नियोजित शिक्षकों की प्रोन्नति प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण कराने सहित शिक्षा विभाग में व्याप्त समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए संघ के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप कुमार पप्पू ने कहा कि शिक्षक नियोजन नियमावली के तहत 12 वर्ष की सेवा पूर्ण करने वाले नियोजित शिक्षकों को कालबद्ध प्रोन्नति दी जानी है। इस संबंध में डीईओ कार्यालय, मधेपुरा से 12 जनवरी 2026 को आदेश जारी किया गया था, लेकिन तीन महीने बीत जाने के बावजूद प्रखंड स्तर पर प्रोन्नति की प्रक्रिया लंबित है, जो गंभीर चिंता का विषय है।
उन्होंने शिक्षा विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार पर भी कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि वेतन, एरियर, विभिन्न प्रकार के अवकाश (चिकित्सा, मातृत्व, अध्ययन, शिशु देखभाल आदि) की स्वीकृति के लिए शिक्षकों से अवैध वसूली की जाती है। इसके अलावा प्रति नियोजन और निलंबन जैसे मामलों में भी अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए। उन्होंने कहा कि इन मामलों में प्रखंड एवं जिला स्तर के कार्यालयों में पदस्थापित कर्मियों की भूमिका संदिग्ध है।
प्रदेश अध्यक्ष ने सभी श्रेणी के शिक्षकों—नियमित, नियोजित, विशिष्ट, विद्यालय अध्यापक एवं प्रधान शिक्षक—की समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट रहने का आह्वान किया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक पखवाड़े के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो प्रखंड एवं जिला स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
जिला अध्यक्ष भुवन कुमार ने कहा कि जिन प्रखंडों में अब तक प्रोन्नति कार्य पूरा नहीं हुआ है, वहां इसे तत्काल सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बताया कि प्रमोशन से जुड़े सभी आवश्यक दस्तावेज पहले ही उपलब्ध करा दिए गए हैं और सभी प्रखंडों में बैठक की तिथियां निर्धारित कर दी गई हैं।
जिला प्रधान सचिव संजय कुमार ने प्रोन्नति प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि संबंधित नियोजन इकाइयों एवं बीईओ से प्रमोशन सूची का अनुमोदन कराने के बाद सेवा पुस्तिका अद्यतन और पे फिक्सेशन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जिसे अंततः डीईओ कार्यालय से स्वीकृति दिलाई जाएगी।
बैठक में प्रखंड अध्यक्ष अजय आनंद, भूपेंद्र यादव, निशांत ठाकुर, कमलेश कुमार, सुनील चौरसिया, विमलेन्द्रु कुमार, बिनोद कुमार भगत, अर्जुन कुमार, महादेव कुमार, रविन्द्र साह, प्रदीप कुमार, सिकंदर कुमार यादव, मो. जब्बार, रेखा कुमारी, मो. नजरे आलम सहित कई शिक्षक उपस्थित थे।
إرسال تعليق