मधेपुरा में सोलर ऊर्जा को बढ़ावा: विद्युत कार्यालय में सोलर मेला आयोजित, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

 सोलर मेला का उद्घाटन करते डीएम अभिषेक रंजन सोलर को बढावा देने के लिए जागरुक करते 


कोशी तक/मधेपुरा:-  जिले में स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विद्युत कार्यालय, मधेपुरा परिसर में गुरुवार को सोलर मेला का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी अभिषेक रंजन के निर्देशानुसार किया गया, जिसमें वे स्वयं मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने मेला के दौरान सभी बैंकों के प्रतिनिधियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सोलर योजना के तहत प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पात्र लाभुकों को आसान और शीघ्र ऋण उपलब्ध कराया जाए। साथ ही, उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को अधिक से अधिक उपभोक्ताओं से आवेदन प्राप्त कर बिना विलंब सोलर कनेक्शन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

उन्होंने विद्युत कार्यपालक अभियंताओं को सोलर संबंधी समस्याओं के समाधान हेतु एक समर्पित “सोलर सेल” गठित करने का भी निर्देश दिया, ताकि आवेदकों, वेंडरों और अन्य हितधारकों को एक ही स्थान पर सभी सुविधाएं मिल सकें।

मेला में सोलर उपयोगकर्ताओं ए. के. मलिक एवं संतोष कुमार ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि सोलर संयंत्र लगाने के बाद उनका बिजली बिल लगभग शून्य हो गया है। इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा अमित कुमार सिंह, संतोष कुमार एवं ए.के. मलिक को सोलर अपनाने के लिए सम्मानित किया गया।

जिलाधिकारी ने वेंडरों को निर्देश दिया कि वे मधेपुरा में अपने कार्यालय स्थापित करें, जिससे उपभोक्ताओं को सोलर कनेक्शन प्राप्त करने में सुविधा हो और उन्हें सोलर ऊर्जा के लाभों की सही जानकारी मिल सके।

प्रशासन के अनुसार जिले में 16,236 ऐसे उपभोक्ता चिन्हित किए गए हैं जिनका मासिक बिजली बिल 125 यूनिट से अधिक है, जबकि उदाकिशुनगंज क्षेत्र में ऐसे 7,829 उपभोक्ता हैं। जिलाधिकारी ने इन सभी उपभोक्ताओं को सोलर ऊर्जा अपनाने की सलाह दी।

मेला के दौरान कुल 56 आवेदन प्राप्त हुए, जो जिले में सोलर ऊर्जा के प्रति बढ़ती जागरूकता का संकेत है।

कार्यक्रम में विद्युत विभाग के कई अधिकारी, अभियंता, कर्मी, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि एवं एफएन इंडिया, फ्यूजन टीच देवन प्राइवेट लिमिटेड सहित अन्य सोलर वेंडरों की सक्रिय भागीदारी रही।

जिला प्रशासन की यह पहल न केवल सौर ऊर्जा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहायक साबित हुई, बल्कि आम लोगों को स्वच्छ ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी मानी जा रही है।

Post a Comment

أحدث أقدم