सिंहेश्वर मंदिर परिसर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सम्पन्न, विकास कार्यों का रास्ता साफ

मंदिर न्यास जमीन पर विकास कार्यों के लिए हटाया अतिक्रमण 



कोशी तक/ सिंहेश्वर मधेपुरा:- सिंहेश्वर मंदिर परिसर में गुरुवार को प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की व्यापक कार्रवाई सफलतापूर्वक सम्पन्न की गई। यह अभियान पर्यटन विभाग, बिहार सरकार की प्रस्तावित विकास योजना के तहत चलाया गया, जिसमें अनुमंडल प्रशासन और पुलिस बल की संयुक्त भागीदारी रही।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार मंदिर परिसर के समग्र विकास के लिए फूड कोर्ट, धर्मशाला एवं आधुनिक मार्केट कॉम्प्लेक्स के निर्माण की योजना स्वीकृत की गई है। इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन में बाधा बन रहे अतिक्रमण को हटाने के लिए पहले ही संबंधित लोगों को नोटिस देकर स्वेच्छा से भूमि खाली करने का निर्देश दिया गया था।

निर्धारित समयसीमा समाप्त होने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर गुरुवार को विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए अतिक्रमित भूमि को खाली कराया गया। अभियान पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा और किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी।

कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया कि निर्माण कार्य के लिए भूमि पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त हो चुकी है।

अधिकारियों का कहना है कि प्रस्तावित विकास कार्य पूरे होने के बाद मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही, इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे, जिससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे विकास कार्यों में सहयोग करें और सरकारी भूमि पर अतिक्रमण से बचें। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी अतिक्रमण के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। मौके पर थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह, ईओ राजकुमार कुशवाहा, न्यास सदस्य हरेंद्र मंडल, योग नारायण मंडल, प्रबंधक भवेश कुमार सहित कई पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल मौजूद थे।

Post a Comment

أحدث أقدم