

मुरलीगंज बालाजी धर्मकांटा में कार्यरत कर्मी का शव
कोशी तक/मुरलीगंज मधेपुरा:- मुरलीगंज–बिहारीगंज एसएच 91 मुख्य मार्ग के किनारे कार्तिक चौक के समीप स्थित एक धर्मकांटा पर कार्यरत युवक का शव संदिग्ध परिस्थिति में कमरे से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना गुरुवार देर रात करीब साढ़े 11 बजे की बताई जा रही है।
मृतक की पहचान रघुनाथपुर पंचायत के भेलाही वार्ड नंबर 5 निवासी अजय यादव के पुत्र रौशन कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रौशन पिछले करीब एक वर्ष से श्री बालाजी धर्मकांटा पर रहकर कार्य कर रहा था। उसके साथ उसका रिश्तेदार भाई निपुल कुमार भी हेल्पर के रूप में वहीं रहता था।
घटना की सूचना मिलते ही धर्मकांटा संचालक सज्जन पोद्दार मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि उन्हें इस घटना की जानकारी धर्मकांटा में कार्यरत एक अन्य कर्मचारी ने दी, जिसके बाद वे तुरंत वहां पहुंचे।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष नूरूल हक ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रतीत होता है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर गहन जांच कर रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है, ताकि वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाकर वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
मुरलीगंज से अंशु भगत
إرسال تعليق