कोशी तक/मधेपुरा:- विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर अनुमंडल पार्षद एवं माध्यमिक शिक्षक संघ से जुड़ी शिक्षिका अमृता कुमारी द्वारा लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। विद्यालय अवधि के बाद उन्होंने बच्चों के साथ मिलकर वृक्षारोपण के महत्व पर विशेष जोर दिया और छात्रों को अधिक से अधिक पेड़ लगाने के लिए प्रेरित किया।
इस मौके पर अमृता कुमारी ने कहा कि पृथ्वी पर जीवन के लिए वृक्षों का होना अत्यंत आवश्यक है। आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए आज हमें जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने बताया कि पेड़-पौधों से हमें शुद्ध हवा मिलती है, प्रदूषण पर नियंत्रण होता है, फल प्राप्त होते हैं और बढ़ते तापमान को संतुलित करने में भी मदद मिलती है। साथ ही जल संरक्षण में भी वृक्षों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
उन्होंने सभी बच्चों, अभिभावकों और जनप्रतिनिधियों से अपील करते हुए कहा कि हर व्यक्ति कम से कम दस पौधे अवश्य लगाए और उनकी देखभाल भी करे, ताकि पृथ्वी को सुरक्षित रखा जा सके।
अमृता कुमारी ने यह भी बताया कि शिक्षा विभाग द्वारा पर्यावरण संरक्षण को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार के निर्देश पर प्रत्येक विद्यालय में इको क्लब का गठन कर वृक्षारोपण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसमें समाज के सभी वर्गों के सहयोग की आवश्यकता है।
अंत में उन्होंने सभी से एकजुट होकर संकल्प लेने का आह्वान किया कि हम सब मिलकर पृथ्वी की रक्षा करेंगे और पर्यावरण को संतुलित बनाए रखेंगे।

एक टिप्पणी भेजें