पीडीएस गुदाम का निरीक्षण करते पदाधिकारी
कोशी तक/गम्हरिया मधेपुरा:- प्रखंड गम्हरिया अंतर्गत सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानों का मंगलवार को संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी शाएक आलम के नेतृत्व में किया गया, जिसमें प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी एवं प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य पीडीएस व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं सुचारू संचालन सुनिश्चित करना था। इस दौरान अधिकारियों की टीम ने विभिन्न जन वितरण दुकानों पर उपलब्ध खाद्यान्न की मात्रा, वितरण प्रक्रिया, स्टॉक पंजी एवं उपभोक्ता पंजी की गहन जांच की।
जांच के दौरान अधिकारियों ने डीलरों को सख्त निर्देश दिया कि लाभुकों को समय पर और निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। साथ ही चेतावनी दी गई कि वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित डीलर के खिलाफ कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के क्रम में कुछ दुकानों में पाई गई कमियों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने सभी दुकानदारों को अभिलेखों का नियमित अद्यतन रखने एवं पारदर्शी वितरण प्रणाली अपनाने पर जोर दिया।
प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी ने लाभुकों से भी अपील की कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या शिकायत की सूचना तुरंत प्रखंड कार्यालय को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।
प्रशासन की इस कार्रवाई को पीडीएस व्यवस्था को और अधिक मजबूत, पारदर्शी एवं जनहितकारी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
एक टिप्पणी भेजें