सिंहेश्वर में जनगणना 2027 के लिए स्व-गणना शुरू, 1 मई तक चलेगा अभियान

 मोबाइल पर अपना स्व गणना कर दिखाते प्रखंड कर्मी 


कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- जनगणना 2027 के तहत स्व-गणना की प्रक्रिया की शुरुआत प्रखंड सिंहेश्वर में हो चुकी है। इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी ज्योति गामी ने जानकारी देते हुए बताया कि 17 अप्रैल से यह अभियान प्रारंभ हुआ है, जो आगामी 1 मई तक संचालित रहेगा।

उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत अब लोग अपने घर बैठे ही स्वयं अपनी जनगणना कर सकते हैं। स्व-गणना की प्रक्रिया को बेहद सरल बनाया गया है। इच्छुक नागरिकों को विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने मोबाइल नंबर के माध्यम से ओटीपी द्वारा पंजीकरण करना होगा। पंजीकरण के बाद राज्य, जिला एवं प्रखंड का चयन कर डिजिटल मैप पर अपने घर को चिन्हित करना होगा।

इसके उपरांत परिवार एवं आवास से संबंधित आवश्यक जानकारी भरकर सबमिट करनी होगी। प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद एक स्व गणना का एसई आईडी प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखना जरूरी है। जब प्रगणक क्षेत्र में गणना के लिए पहुंचेंगे, तब यह आईडी उन्हें दिखानी होगी।

बीडीओ ज्योति गामी ने बताया कि यह प्रक्रिया पूरी तरह से सरल, सुरक्षित और सुविधाजनक है। उन्होंने कहा कि उन्होंने स्वयं और प्रखंड के सभी कर्मियों ने भी स्व-गणना कर ली है। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस प्रक्रिया में भाग लें और सही व सटीक जानकारी देकर इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को सफल बनाएं।

Post a Comment

और नया पुराने