मुरलीगंज में रामनवमी पर फ्लेग मार्च में शामिल डीएम और एसपी
कोशी तक/मुरलीगंज मधेपुरा:- रामनवमी पर्व को लेकर बुधवार की शाम जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट दिखा। डीएम अभिषेक रंजन और एसपी संदीप सिंह के नेतृत्व में मुरलीगंज शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च दुर्गा चौक से शुरू होकर गौशाला चौक, मस्जिद चौक, हरिद्वार चौक, गोल बाजार सहित शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरा। इस दौरान अधिकारियों ने रामनवमी जुलूस के निर्धारित रूट का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीएम अभिषेक रंजन ने बताया कि रामनवमी जुलूस को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे आपसी सौहार्द बनाए रखते हुए जुलूस में भाग लें। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एसपी संदीप सिंह ने कहा कि संवेदनशील और अति संवेदनशील स्थलों पर मजिस्ट्रेट, पुलिस पदाधिकारी और पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा लगातार गश्ती भी की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि शोभायात्रा के दौरान हुड़दंग या किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
उन्होंने यह भी कहा कि डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट डालने वालों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी।
फ्लैग मार्च में डीएम और एसपी के साथ अनुमंडल व प्रखंड स्तर के कई अधिकारी और पुलिस बल के जवान मौजूद रहे।
मुरलीगंज से अंशु भगत
एक टिप्पणी भेजें