मकई में बकरी चराने को लेकर दो पक्षो में मारपीट मामला दर्ज
कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- प्रखंड क्षेत्र के इटहरी वार्ड नंबर 3 में खेत में बकरी चराने को लेकर विवाद के बाद मारपीट और लूटपाट का मामला सामने आया है। इस संबंध में अनिल यादव (पिता- राज किशोर यादव) ने आरोप लगाया है कि गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे उनका छोटा भाई सुनील यादव, उसकी पत्नी सीता देवी, पुत्र अभिषेक कुमार और गोलू कुमार खेत में बकरी चरा रहे थे।
अनिल यादव के अनुसार, मना करने पर सभी ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने घेरकर मारपीट की और हथियार निकालकर जान से मारने की धमकी दी। शोर सुनकर उनका पुत्र और पुत्रवधू मौके पर पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई, जिसमें वे घायल हो गए।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि इस दौरान आरोपियों ने उनकी पुत्रवधू के जेवर और नकदी भी छीन ली। घटना के बाद घायलों का इलाज कराया गया, जिसके पश्चात उन्होंने मामले की शिकायत सिंहेश्वर थाना से की है। इस बाबत प्रभारी थानाध्यक्ष अंकिता कुमारी ने बताया की मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
एक टिप्पणी भेजें